रामनगर की गली को माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाने का लोगों ने किया विरोध

रामनगर: क्षेत्र में लगातार कोरोना मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है. जिसके चलते रामनगर में कई जगह कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं. वहीं, रामनगर के इंदिरा कॉलोनी में माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाने आई टीम को ग्रामीणों के आक्रोश का सामना करना पड़ा. क्षेत्र को माइक्रो कंटेनमेंट जोन न बनाने को लेकर ग्रामीणों ने मांग उठाई है.

रामनगर में माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाने को लेकर भी लोगों ने विरोध जताया है. रामनगर के इंदिरा कॉलोनी में दो लोगों में कोरोना की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीम इलाके को माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाने के लिए मौके पर पहुंची. लेकिन ग्रामीणों द्वारा इसका विरोध किया गया. ग्रामीण संजीव रस्तोगी ने कहा की माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाने के बाद वे लोग कहीं भी नहीं जा पाएंगे. उनके बच्चों के महाविद्यालय में पेपर भी चल रहे हैं.

अगर इलाके को कंटेनमेंट जोन बनाया जाएगा तो उनके बच्चों पेपर देने कैसे जा पाएंगे. उन्होंने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि टीम द्वारा 10 दिन बाद इस क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन बनाया गया है. जबकि कोरोना संक्रमित व्यक्ति घर भी आ चुका है. उसके बाद क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन बनाने का कोई औचित्य नहीं रह जाता. संजीव रस्तोगी ने कहा कि इसको माइक्रो कंटेनमेंट जोन न बनाया जाए, वे खुद अपने-अपने घरों में क्वारंटाइन रहेंगे. उप जिला अधिकारी विजय नाथ शुक्ल ने कहा कि उनके द्वारा लोगों से बात की जा रही है.