- ढोल-दमाऊं और पुष्पवर्षा के साथ श्रीनगर में मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत
- कमलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की
- महिला स्वयं सहायता समूहों के स्टॉलों का निरीक्षण कर स्थानीय उत्पादों को सराहा
श्रीनगर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को श्रीनगर में आयोजित बैकुंठ चतुर्दशी मेले एवं विकास प्रदर्शनी का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने पारंपरिक ढोल-दमाऊं, पुष्पवर्षा एवं जयकारों के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने मेले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं ग्रामोत्थान परियोजना के अंतर्गत लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर स्थानीय उत्पादों एवं महिला स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक भी पीसा। मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि अलकनंदा नदी के तट पर स्थित श्रीनगर का धार्मिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक दृष्टि से विशेष महत्व है। कमलेश्वर महादेव मंदिर हमारी समृद्ध धार्मिक आस्था और पौराणिक परंपराओं का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला केवल धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक भी है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। केदारखंड मंदिर माला मिशन, मानसखंड मंदिर माला मिशन तथा अन्य योजनाओं के माध्यम से धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों को विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।