देहरादून: पुष्कर सिंह धामी से रविवार को मुख्यमंत्री आवास में गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने आगामी यात्रा को लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी मुख्यमंत्री को दी।
ट्रस्ट अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को 20 मई 2026 को ‘हेमकुंड साहिब यात्रा 2026’ के पहले जत्थे के विदाई समारोह में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन-प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए हर संभव इंतजाम किए जा रहे हैं। यात्रा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो। उन्होंने विश्वास दिलाया कि राज्य सरकार यात्रा को सफल, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि 20 मई 2026 को पहले जत्थे का विदाई समारोह आयोजित होगा, जिसका नेतृत्व पारंपरिक रूप से पंज प्यारों द्वारा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हेमकुंड साहिब के कपाट 23 मई 2026 को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।
हर वर्ष की तरह इस बार भी लाखों श्रद्धालु गुरु गोबिंद सिंह जी की पावन तपोभूमि के दर्शन के लिए यात्रा में शामिल होंगे।