यमुनोत्री सुरक्षित वैकल्पिक पैदल मार्ग 14 अक्टूबर तक हो जाएगा तैयार

उत्तरकाशी : यमुनोत्री पैदल मार्ग 14 अक्टूबर तक तैयार हो जाएगा, जिसके बाद यमुनोत्री जाने को यात्रियों को अनुमति मिल सकेगी। लोक निर्माण विभाग के श्रमिक वैकल्पिक मार्ग निर्माण में जुटे हुए हैं। जो वैकल्पिक मार्ग सितंबर में बनाया गया था, उसमें काफी बदलाव किया गया है। करीब 200 मीटर लंबा मार्ग नया बनाया जा रहा है, जो भूस्खलन की जद में न आए। सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग बनाने को लेकर उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान, लोनिवि के अधिशासी अभियंता एसके गर्ग मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने वैकल्पिक मार्ग के निर्माण की प्रगति को देखा।

यमुनोत्री धाम से साढ़े तीन किलोमीटर पहले और जानकी चट्टी से डेढ़ किलोमीटर यमुनोत्री की ओर ऋषि गंगा के पास 10 सितंबर को भारी भूस्खलन हुआ था। जिससे यमुनोत्री धाम को जोड़ने वाला पैदल मार्ग भी बंद हो गया था। जिसके बाद 350 मीटर लंबे वैकल्पिक मार्ग का निर्माण किया गया। लेकिन, बीते सप्ताह भारी भूस्खलन होने के कारण वैकल्पिक मार्ग भी बंद हुआ है, जिसके बाद लोनिवि फिर से वैकल्पिक मार्ग बनाने में जुट गई है। मार्ग बनने तक यात्रा को रोका गया है। उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान ने बताया कि करीब दो सौ मीटर मार्ग नया बनाया जा रहा है। यह मार्ग बिल्कुल यमुना नदी के किनारे से होते हुए जा रहा है। इस मार्ग के लिए अस्थाई पुलिया भी तैयार कर दी गई है। भूस्खलन के दायीं ओर से मार्ग का निर्माण हो चुका। वहां खड़ी पहाड़ी पर जाले लगाकर रास्ते का निर्माण किया गया है। उम्मीद है कि बुधवार तक यमुनोत्री वैकल्पिक मार्ग का निर्माण पूरा हो जाएगा, जिसके बाद यात्रा शुरू की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *