अवैध प्लॉटिंग पर एमडीडीए का शिकंजा, पुराना शिमला बाईपास में 10 बीघा भूमि सील

  • बिना स्वीकृत लेआउट के सड़क चिन्हीकरण कर प्लॉटिंग विकसित करने की तैयारी
  • प्राधिकरण ने नियोजन नियमों के उल्लंघन पर संबंधित पक्ष के खिलाफ की कार्रवाई
  • उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी बोले- अवैध प्लॉटिंग और अनाधिकृत निर्माण के खिलाफ जारी रहेगा अभियान

देहरादून: मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में अवैध प्लॉटिंग एवं अनाधिकृत निर्माण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में प्राधिकरण की टीम ने पुराना शिमला बाईपास क्षेत्र में बिना स्वीकृत तलपट मानचित्र के की जा रही प्लॉटिंग के मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए संबंधित स्थल को सील कर दिया। मौके पर करीब 8 से 10 बीघा भूमि पर प्लॉटिंग विकसित करने की तैयारी की जा रही थी।

प्राधिकरण से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुराना शिमला बाईपास स्थित श्रीराम कॉलेज, शेरपुर, सेलाकुई के निकट भू-स्वामी सनो गुप्ता एवं हिरशाद की ओर से लगभग 8 से 10 बीघा भूमि पर अनाधिकृत प्लॉटिंग की जा रही थी। जांच के दौरान मौके पर बिना एमडीडीए से स्वीकृत तलपट मानचित्र के प्लॉटिंग विकसित करने के उद्देश्य से सड़क का चिन्हीकरण किए जाने का मामला सामने आया। इसे नियोजन नियमों और निर्धारित प्रक्रियाओं का उल्लंघन मानते हुए प्राधिकरण ने कार्रवाई की।

मामले को गंभीरता से लेते हुए एमडीडीए ने उत्तराखंड (उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम) के प्रावधानों के तहत संबंधित पक्ष के विरुद्ध वाद दायर किया। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए स्थल को सील कर दिया गया।अवैध प्लॉटिंग पर सख्त रुख

एमडीडीए का कहना है कि देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में अनियोजित विकास पर अंकुश लगाना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। बिना स्वीकृति विकसित की जा रही कॉलोनियां मास्टर प्लान और नियोजन व्यवस्था को प्रभावित करती हैं। साथ ही भविष्य में सड़क, जल निकासी, पेयजल, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं भी पैदा होती हैं। ऐसी कॉलोनियों में भूखंड खरीदने वाले लोगों को भी भविष्य में कानूनी और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

प्राधिकरण ने आम नागरिकों से अपील की है कि जमीन या भूखंड खरीदने से पहले संबंधित क्षेत्र का भू-उपयोग, स्वीकृत लेआउट और एमडीडीए से प्राप्त आवश्यक अनुमतियों की जांच अवश्य करें। केवल कम कीमत या बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के दावों के आधार पर जमीन खरीदने का निर्णय न लें।

बंशीधर तिवारी बोले, अवैध गतिविधियों पर जारी रहेगी कार्रवाई

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग और अनाधिकृत निर्माण के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। पुराना शिमला बाईपास क्षेत्र में लगभग 8 से 10 बीघा भूमि पर बिना स्वीकृत तलपट मानचित्र के की जा रही प्लॉटिंग के मामले में नियमानुसार वाद दायर कर सीलिंग की कार्रवाई की गई है।

उन्होंने कहा कि प्राधिकरण का उद्देश्य देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में सुनियोजित विकास सुनिश्चित करना है। आम जनता जमीन या भूखंड खरीदने से पहले उसकी वैधता और प्राधिकरण से स्वीकृत मानचित्र की जांच अवश्य करे। अवैध प्लॉटिंग, अनाधिकृत निर्माण और नियमों के विरुद्ध किए जा रहे विकास कार्यों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।