- आठ शोधार्थियों को पीएचडी, 36 मेधावियों को स्वर्ण पदक से किया सम्मानित
- अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि, राज्यपाल बोले- शिक्षा से चरित्र और राष्ट्र निर्माण को मिले दिशा
हल्द्वानी: उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी का 11वां दीक्षांत समारोह बुधवार को गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के दौरान विभिन्न पाठ्यक्रमों को पूरा करने वाले 14,857 शिक्षार्थियों को डिजिलॉकर के माध्यम से उपाधियां प्रदान की गईं। इसके साथ ही आठ शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि और 36 मेधावी शिक्षार्थियों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। भारतीय रेल सेवा के 1980 बैच के सेवानिवृत्त अधिकारी एवं प्रख्यात प्रशासनिक विशेषज्ञ अश्वनी लोहनी को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए मानद उपाधि प्रदान की गई।
समारोह में उत्तराखंड के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन मुख्य अतिथि, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत विशिष्ट अतिथि तथा राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष एवं विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. नागेश्वर राव विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय परिसर में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के अनावरण के साथ हुआ। इसके बाद राज्यपाल एवं अन्य अतिथियों ने शौर्य दीवार पर पुष्प अर्पित कर देश के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दी। कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विश्वविद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय अपनी स्थापना के 21 वर्ष पूरे कर चुका है। वर्तमान में आठ क्षेत्रीय केंद्रों और 144 अध्ययन केंद्रों के माध्यम से 94 शैक्षणिक कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इस वर्ष हरिद्वार में नया क्षेत्रीय कार्यालय स्थापित किया गया है। विश्वविद्यालय में भगवद्गीता अध्ययन, मानवाधिकार और कुमाऊंनी, गढ़वाली, नेपाली एवं जापानी भाषाओं के पाठ्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। इसके अलावा NCVET से मान्यता मिलने के बाद सहायक होमस्टे प्रबंधक पाठ्यक्रम शुरू किया गया है।
कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय ने परीक्षा परिणाम 15 कार्यदिवसों में जारी करने की उपलब्धि हासिल की है। इस वर्ष 231 जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से 22,261 लोगों तक पहुंच बनाई गई, जबकि एक लाख दस हजार से अधिक पुस्तकें निःशुल्क वितरित की गईं। सैन्य प्रतिष्ठानों एवं कारागारों में पांच विशेष अध्ययन केंद्र स्थापित किए गए हैं। वहीं, गोद लिए गए आठ गांवों में ‘गांव गौरव’ और ‘उच्च शिक्षा आपके द्वार’ कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
उन्होंने शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में विश्वविद्यालय की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि शिक्षकों ने सात पेटेंट डिजाइन और 135 शोध पत्र प्रकाशित किए हैं। विश्वविद्यालय को UCOST सहित सात पुरस्कार भी प्राप्त हुए हैं।
आठ शोधार्थियों को पीएचडी, 36 मेधावियों को स्वर्ण पदक
दीक्षांत समारोह में किरण कुमार, प्रवीण लखेड़ा, प्रीती वर्मा, हिमानी तिवारी पाण्डेय, राधा, अंकुर मित्तल, दीपक सोराड़ी एवं मयूर बघरवाल को पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई। वहीं, 36 मेधावी शिक्षार्थियों को विश्वविद्यालय, कुलाधिपति एवं विभिन्न प्रायोजित स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया गया। स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के साथ ही राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत संचालित पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी स्वर्ण पदक प्रदान किए गए।
प्रायोजित स्वर्ण पदकों में अपराजिता जोशी, प्रेरणा भट्ट और पवन ममगाईं का चयन किया गया। विशेष शिक्षा स्नातक (बौद्धिक दिव्यांगता) में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तनुजा चुफाल को कल्याण भवति समिति पदक के लिए चुना गया। लायंस क्लब हल्द्वानी ग्रीन सिटी के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ व्यापारी नेता डॉ. प्रमोद अग्रवाल ‘गोल्डी’ की ओर से भी लगातार मेधावी विद्यार्थियों के लिए तीन स्वर्ण पदक प्रायोजित किए जा रहे हैं।
अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि, शिक्षा और नवाचार पर जोर
समारोह में अश्वनी लोहनी को प्रशासनिक, प्रबंधकीय एवं व्यावसायिक क्षेत्र में उनके योगदान के लिए मानद उपाधि प्रदान की गई। वह भारतीय रेल बोर्ड के अध्यक्ष, एयर इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक तथा भारतीय पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे चुके हैं। विश्व की सबसे पुरानी चालू भाप इंजन रेलगाड़ी ‘फेयरी क्वीन’ के पुनरुद्धार एवं संचालन के लिए उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है। वर्तमान में वह प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय सोसाइटी, नई दिल्ली के निदेशक हैं।
NAAC की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष प्रो. नागेश्वर राव ने कहा कि मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा उच्च शिक्षा को सर्वसुलभ और लोकतांत्रिक बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने आजीवन सीखने की प्रवृत्ति अपनाने और व्यक्तिगत विकास को राष्ट्र के विकास से जोड़ने का आह्वान किया।
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्ति और राष्ट्र के समग्र विकास का आधार है। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन, उच्च शिक्षा में नामांकन बढ़ाने तथा शोध एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने युवाओं को कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ड्रोन तकनीक, डेटा साइंस और साइबर सुरक्षा जैसे उभरते क्षेत्रों में दक्षता हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
राज्यपाल एवं कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने उपाधि प्राप्त करने वाले सभी शिक्षार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह केवल उपाधि प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति नई जिम्मेदारियों की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जित करना नहीं, बल्कि व्यक्ति के चरित्र, चिंतन और व्यवहार को श्रेष्ठ बनाना भी है।
राज्यपाल ने विश्वविद्यालय की ओर से दुर्गम क्षेत्रों तक उच्च शिक्षा पहुंचाने, निःशुल्क पुस्तकों के वितरण और गांवों में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने युवाओं से तकनीकी कौशल विकसित करने, अनुसंधान एवं नवाचार को अपनाने और नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पलायन की समस्या का समाधान स्थानीय स्तर पर शिक्षा, कौशल और रोजगार के अवसर विकसित करने से संभव है। पर्यटन, होमस्टे, जैविक कृषि, उद्यानिकी, योग, आयुर्वेद और स्थानीय उत्पादों में रोजगार एवं उद्यमिता की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने हिमालय और पर्यावरण संरक्षण को भी सतत विकास के लिए आवश्यक बताया।
समारोह के दौरान विश्वविद्यालय की पत्रिका ‘उड़ान’ का विमोचन किया गया। शैक्षणिक एवं शोध कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्राध्यापकों को सम्मानित किया गया। विश्वविद्यालय के संगीत विभाग की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारी, विभिन्न विद्याशाखाओं के निदेशक, प्राध्यापक, कर्मचारी, शोधार्थी, शिक्षार्थी एवं उनके परिजन मौजूद रहे।