आखिर नैनीताल पहुंचकर युवती ने क्यों खाया जहर?

नैनीताल (नेटवर्क 10 संवाददता)। रुद्रपुर से नैनीताल आई एक युवती ने यहां देर रात जहर खाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या के पीछे प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है। बताया गया है कि युवती रुद्रपुर से नैनीताल किसी काम से आई थी और फोन पर प्रेमी से बात होने के बाद उसने जहर खा लिया।

मिली जानकारी के अनुसार शिवपुर खानपुर पश्चिम उधमसिंह नगर निवासी 29 वर्षीय शालू अधिकारी शनिवार शाम किसी काम के चलते नैनीताल पहुंची थी। यहां उसने  तल्लीताल जू रोड पर एक होटल में कमरा बुक करवाया था। रात करीब दस बजे होटल कर्मियों ने उसके कमरे से किसी चीज के गिरने की तेज आवाज सुनी। कर्मी दौड़ते हुए उसके कमरे तक पहुंचे तो पाया कि शालू दरवाजे से बाहर बरामदे में बेसुध पड़ी है। उसके मुंह से झाग निकल रहा था।

हालत बिगड़ने पर होटल कर्मियों ने उसे किसी तरह अस्पताल पहुंचाया। इसी बीच एक कर्मी ने उससे पूछताछ करते हुए वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया। जिसमें युवती प्रेम प्रसंग में पीलीभीत के युवक द्वारा धोखा दिए जाने की बात कह रही है। इधर अस्पताल में उपचार के दौरान युवती की मौत हो गई। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही थी।