- कर्णप्रयाग पुलिस ने एक माह पुराने अंधे हत्याकांड का किया खुलासा
कर्णप्रयाग: चमोली जिले में एक माह पहले अलकनंदा नदी किनारे मिले अज्ञात शव की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी क्षेत्र पंचायत सदस्य नरेन्द्र सिंह तोपाल (47 वर्ष) को हत्या का आरोप है।
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशन में गठित SIT और SOG टीम की वैज्ञानिक जांच और तकनीकी दक्षता से इस सनसनीखेज हत्याकांड का सफल अनावरण हुआ है।
10 मार्च 2026 को लंगासू क्षेत्र में चण्डिका माता मंदिर के नीचे अलकनंदा नदी किनारे एक शव मिला था। मृतक के हाथ-पैर प्लास्टिक की रस्सी से बंधे हुए थे और दाहिने हाथ पर अंग्रेजी में “SOORAJ PUROHIT” लिखा हुआ था। शव की पहचान में काफी समय लगा। अंततः 23 मार्च को मृतक की पत्नी मंजू देवी ने सोशल मीडिया पर तस्वीर देखकर शव की पहचान अपने पति सूरज पुरोहित के रूप में की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक सूरज पुरोहित नंदप्रयाग के मधुबन ढाबे में काम करता था। पूछताछ में आरोपी नरेन्द्र सिंह तोपाल ने अपराध कबूल लिया। उसने बताया कि जनवरी में उसने सूरज से ₹10,000 उधार लिए थे। सूरज शराब पीकर उसे सार्वजनिक स्थानों पर अपमानित करता था और बार-बार पैसे मांगकर बेइज्जत करता था। इसी बात को लेकर 16 फरवरी की रात को आरोपी ने सूरज की हत्या कर दी।
आरोपी ने शव के हाथ-पैर बांधकर प्लास्टिक के कट्टे में रखा और अपनी अल्टो कार (UK12A 3212) से झूलाबगड़ पुल ले जाकर अलकनंदा नदी में फेंक दिया। साक्ष्य मिटाने के लिए मोबाइल फोन और अन्य सामान भी नदी में बहा दिए।
सीसीटीवी फुटेज, फिंगरप्रिंट और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर पुलिस ने मजबूत साक्ष्य जुटाए। आरोपी के वाहन से भी महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल SIT गठित की थी। इस सफल अनावरण पर अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) और पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र ने टीम की सराहना की है। टीम को ₹5,000 का पारितोषिक भी प्रदान किया गया है।
आरोपी का विवरण: नरेन्द्र सिंह तोपाल पुत्र भोला सिंह, निवासी ग्राम धारकोट, थाना एवं जिला चमोली, उम्र 47 वर्ष (क्षेत्र पंचायत सदस्य सरतोली)