पर्यटकों की भीड़ से फिर न हो जाएं हालात बेकाबू, मुख्यमंत्री धामी ने दिए ये निर्देश

देहरादून (नेटवर्क 10 संवाददाता)। उत्तराखंड में कोेरोना काल की पाबंदियां हटने और पर्यटक स्थलों में छूट मिलने से बड़ी भीड़ बढ़ने लगी है। दून, मसूरी समेत नैनीताल में लगातार पर्यटकों का तांता लग रहा है। ऐसे में लोग न सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर रहे हैं और न उन्हें सावधानी के साथ देखा जा रहा है।

ऐसे में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आदेश दिए हैं कि देहरादून और नैनीताल के होटलों को 50 फीसद क्षमता के साथ संचालित किया जाए। दरअसल, प्रदेश में इस समय बड़ी संख्या में दूसरे राज्यों से पर्यटक विभिन्न पर्यटन स्थलों की ओर रुख कर रहे हैं। इससे इन पर्यटन स्थलों पर भीड़ बढ़ गई है।

पर्यटक कोरोना वायरस संक्रमण रोकने के लिए बनाए गए मानकों का अनुपालन भी नहीं कर रहे हैं। इससे कोरोना संक्रमण के प्रसार की आशंका बढ़ने लगी है। इसे देखते हुए सरकार ने सख्ती करने का निर्णय लिया है। सरकार के निर्देशों पर शुक्रवार शाम को ही जिलाधिकारी देहरादून और जिलाधिकारी नैनीताल ने इन दोनों जिलों में केवल उन्हीं पर्यटकों को आने की अनुमति देने के आदेश जारी किए, जिनकी होटलों में बुकिंग थी और वे 72 घंटे के अवधि की आरटीपीसीआर रिपोर्ट लेकर आए हों। इनके अलावा अन्य सभी का इन जिलों में आना प्रतिबंधित कर दिया गया है। यह आदेश सोमवार सुबह आठ बजे तक के लिए प्रभावी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *