UP: BJP विधायक की चलती कार में हार्ट अटैक से मौत, 5वीं बार दर्ज की थी जीत

लखीमपुर खीरीः उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी की गोला नाथ विधानसभा सीट से पांच बार के विधायक अरविंद गिरी की हार्ट अटैक में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बीजेपी विधायक अरविंद गिरी मीटिंग के लिए लखनऊ जा रहे थे।

अरविंद गिरी मंगलवार की सुबह करीब छह बजे अपने गोला स्थित आवास से लखनऊ के लिए रवाना हुए थे। विधायक की गाड़ी अटरिया के पास पहुंची थी, तभी उनकी तबीयत अचानक खराब होने लगी। इसी दौरान चलती गाड़ी में उन्हें हार्ट अटैक आया और उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले सोमवार को अरविंद गिरि अपने विधानसभा क्षेत्र में विकास योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे। इसके अलावा उन्होंने बैठक को संबोधित भी किया था। बीजेपी विधायक की मौत पर कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई है।

पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि गोला गोकर्णनाथ के तीरथ इलाके के रहने वाले गिरि (65) के परिवार में उनकी पत्नी सुधा गिरि, दो बेटे और दो बेटी हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने शोक संदेश में कहा है कि लखीमपुर खीरी जिले के गोला विधानसभा सीट से भाजपा विधायक अरविंद गिरि का निधन अत्यंत दुखद है। मेरी शोक संवेदनाएं संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्रीराम दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुख सकने की शक्ति प्रदान करें।