गौरीकुंड हाईवे पर सुरंग के ट्रीटमेंट कार्य के लिए सुरंग से आवाजाही बंद

रुद्रप्रयाग : गौरीकुंड हाईवे पर सुरंग के ट्रीटमेंट कार्य में हो रही देरी के चलते रुद्रप्रयाग आने वाले लोग परेशानी झेल रहे हैं। गत 26 नवंबर को ट्रीटमेंट कार्य के लिए सुरंग से आवाजाही बंद कर दी गई थी। लेकिन, अभी तक मात्र आधी टनल से ईंट हटाने के अलावा कोई कार्य नहीं हुआ है। जिससे ट्रीटमेंट में 45 दिन के बजाय और अधिक समय लगने की संभावना है। पूर्व में प्रशासन की ओर से लोनिवि नेशनल हाईवे अधिकारियों को समय से पूर्व कार्य पूरा करने को कहा जा चुका है। लेकिन, विभागीय लापरवाही आम जनता पर भारी पड़ रही है। वहीं, कार्य में हो रही देरी पर डीएम मनुज गोयल ने नेशनल हाईवे के अधिकारियों से जवाब मांगा है।

रुद्रप्रयाग नगर क्षेत्र के अंतर्गत गौरीकुंड हाईवे पर वर्ष 1960 में बनी सुरंग को गत 26 नवंबर को आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया था, सुरंग के जर्जर होने से इसके ट्रीटमेंट के लिए नेशनल हाईवे ने प्रशासन से 45 दिन का समय मांगा था, जिसके बाद 27 नंवबर से ट्रीटमेंट का कार्य शुरू कर दिया गया। लगभग तीन से चार दिन बाद से पिछले दो सप्ताह से कोई कार्य सुरंग पर ट्रीटमेंट का नहीं हो रहा है। सुरंग पर प्रशासन ने आवाजाही पूरी तरह से बंद की हुई है, गौरीकुंड व केदारघाटी जाने वाले वाहनों को सात किमी अतिरिक्त सफर कर जवाड़ी बाईपास से होकर जाना पड़ता है। जबकि, चमोली जिले से आने वाले वाहन भी मुख्य बाजार से ही होकर जा रहे हैं, पूर्व में यह वाहन बेलणी, संगम बाजार में टनल से होते हुए जवाड़ी बाईपास से होकर श्रीनगर जाते थे, लेकिन अब सीधे मुख्य बाजार से ही श्रीनगर की ओर जा रहे हैं। जबकि श्रीनगर की ओर से आने वाले वाहन पूर्व की भांति मुख्य बाजार से होते हुए चमोली की ओर जा रहे हैं, जिससे बाजार में जाम की स्थिति बन रही है।

पुलिस द्वारा भारी वाहनों को घोलतीर, घिमतोली व जवाड़ी बाईपास पर घंटों रोका जा रहा है, जिससे सभी लोग प्रभावित हो रहे हैं। नेशनल हाईवे लोनिव द्वारा तर्क दिया जा रहा है कि ट्रीटमेंट कार्य के लिए टेंडर होने में देरी हुई और दोबारा टेंडर किया गया। लेकिन, यदि टेंडर नहीं हुए थे तो फिर टनल पर आवाजाही क्यों बंद कर दी गई। विभाग की लापरवाही का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। नेशनल हाईवे के ईई जितेन्द्र त्रिपाठी का कहना है कि टेंडर हो चुके हैं, दो से तीन दिन के भीतर कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *