मुख्यमंत्री धामी को बम्पर जीत की बधाई देने पहुंचा सचिवालय संघ, लिया लंबित मांगो पर भी सीएम का आश्वासन

देहरादून: मुख्यमंत्री की चम्पावत जीत के बाद आज सचिवालय संघ द्वारा दी गयी अधिकारिक बधाई, मुख्यमंत्री के निर्देशन में लम्बित सचिवालय सेवा के प्रमुख मुददों को पूर्ण करने पर मुख्यमंत्री द्वारा दिया गया सकारात्मक आश्वासनः दीपक जोशी

विधान सभा चम्पावत की ऐतिहासिक व धमाकेदार जीत पर आज सचिवालय संघ द्वारा अध्यक्ष दीपक जोशी के नेतृत्व में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी से भेंट वार्ता कर अधिकारिक बधाई एवं शुभकामनायें दी गयी। साथ ही भेंट वार्ता के दौरान आचार संहिता के प्रभावी होने से पूर्व मुख्यमंत्री जी के आश्वासन के उपरान्त भी सचिवालय सेवा संवर्ग के लम्बित प्रमुख मुददों की तरफ भी मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट किया गया। संघ के अध्यक्ष एवं महासचिव की ओर से आज मुख्यमंत्र को हस्तगत कराये गये पत्र द्वारा सचिवालय विशेष भत्ते की दर में वृद्वि, पदोन्नति के अत्यधिक ठहराव में समीक्षा अधिकारी/अपर निजी सचिव को 05 वर्ष की सेवा पर ग्रेड वेतन रू0 5400 नॉन फन्कशनल, वर्ष 2004 बैच के समीक्षा अधिकारियों की प्रभारी अनुभाग अधिकारी के रूप में की गयी सेवावधि समय को स्थानापन्न पदोन्नति काल घोषित किये जाने…

 

सचिवालय रक्षक संवर्ग को पुलिस पैरिटी के स्थान पर सचिवालय पैरिटी दिये जाने, सचिवालय सहायकों को तृतीय ए0सी0पी0 के रूप में ग्रेड वेतन 4200 की अनुमन्यता किये जाने, राज्य सम्पत्ति वाहन चालको को सचिवालय प्रशासन विभाग में आमेलन/मर्ज किये जाने तथा सचिवालय सेवा संवर्ग में ग्रेड वेतन 10000 के पदों को पुनर्जीवित किये जाने एवं लेख संवर्ग में अपर सचिव ग्रेड वेतन 8900 का 01 पद सृजित किये जाने सम्बन्धी प्रमुख मांगों पर विस्तार से मुख्यमंत्री जी के समक्ष अपना पक्ष रखा।

भेंट वार्ता के सम्बन्ध में सचिवालय संघ के अध्यक्ष दीपक जोशी द्वारा बताया गया कि मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश के चुनावी कार्यक्रम की व्यवस्तताओं के बाद आज लम्बे समय बाद विस्तार से मुलाकात हुई है, चुनावी जीत के बाद आज बहुत दिनों बाद मुख्यमंत्री के समक्ष सचिवालय संघ के मुददों पर सकारात्मक चर्चा की गयी, जिसमें से बहुत सी बातो पर पूर्व में ही मुख्यमंत्री जी के स्तर से आवश्यक निर्देश भी दिये गये हैं, उनके क्रियान्वयन का अनुरोध किया गया है। साथ ही सचिवालय सेवा संवर्ग के सभी मामलों में त्वरित कार्यवाही का अनुरोध किया गया है। मुख्यमंत्री जी के द्वारा संघ द्वारा हस्तगत पत्र में अंकित मांगों पर अपर मुख्य सचिव, सचिवालय प्रशासन विभाग से वार्ता कर सभी प्रमुख मांगों का निराकरण जल्द कराये जाने तथा संघ की भावनाओं के अनुरूप मांगों का क्रियान्वयन का सकारात्मक आश्वासन दिया गया है, साथ ही सचिवालय संघ के मुददों पर संयुक्त सचिव संजय सिंह टोलिया से सभी पत्रावलियॉं प्रस्तुत कराने के निर्देश दिये गये।

आज की भेंट वार्ता में सचिवालय संघ के अध्यक्ष  दीपक जोशी, महासचिव  विमल जोशी, कोषाध्यक्ष  बची सिंह, संयुक्त सचिव  चन्दन बिष्ट, किशन असवाल,  लालमणि जोशी,  जगत सिंह डसीला,  संदीप सिंह बिष्ट, प्रमोद कुमार, महासचिव, सचिवालय सहायक संघ की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *