उत्तराखंड: भाई के दोस्तों के साथ तीन हजार में कर दिया पत्नी का सौदा

रुद्रपुर (नेटवर्क 10 संवाददाता)।  उत्तराखंड के रुद्रपुर से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक खबर है। यहां ट्रांजिट कैंप निवासी एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसके ससुराल वालों ने उसे प्रताड़ित करने की सारे हदें पार कर डाली हैं. इस महिला ने ससुरालियों पर दहेज का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। साथ ही जेठ और उसके दोस्तों पर जबरन दुष्कर्म का आरोप लगाया है। आरोप है कि इस दौरान उसका पति वीडियो बना रहा था। उन्होंने पीड़िता को शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी है । पीड़िता ने एसएसपी कार्यालय में तहरीर सौंप कर कार्रवाई की मांग की है।

महिला ने एएसरी को एक शिकायती पत्र दिया है जिसमें लिखा है कि उसका विवाह तीन दिसंबर 2019 को हुआ था। विवाह के बाद से ही उसका पति, सास समेत अन्य ससुराली दहेज के लिए उत्पीड़न करने लगे। यही नहीं उसका पति जबरन उसके साथ कुकर्म करता था। महिला ने आरोेप लगाया कि पति विरोध करने पर मारपीट करता था।

इस महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि तीन मई की रात को उसका जेठ और उनके दोस्त घर में आए। इस दौरान जेठ ने उसे पीने के लिए छाछ दी। छाछ पीते ही वह बेहोश हो गई। होश में आने के बाद उसे पता चला कि जेठ और उसके दोस्तों ने उससे दुष्कर्म किया। पास में मौजूद उसका पति वीडियो बना रहा था। यह देख वह चिल्लाने लगी तो पति ने उसका मुंह बंद कर दिया।

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसका सौदा तीन हजार रुपये में किया है। उन्होंने धमकी दी है कि वह उसकी बात नहीं मानेगी तो वीडियो वायरल कर देंगे। इसकी शिकायत उसने ट्रांजिट कैंप थाने में की लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। पीड़िता ने शिकायती पत्र में आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।