देहरादून: लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब पहाड़ी सड़कों पर भी दिखाई देने लगा है। देहरादून-मसूरी मार्ग पर सड़क क्षतिग्रस्त होने के बाद प्रशासन ने एहतियातन वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी है।
जानकारी के अनुसार, कोल्हुखेत से लगभग तीन किलोमीटर नीचे ‘पानी वाले बैंड’ के पास मुख्य सड़क पर कई स्थानों पर गहरी दरारें पड़ गई हैं। लगातार बारिश के कारण सड़क के धंसने का खतरा बढ़ गया है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने किसी भी संभावित हादसे से बचने के लिए मार्ग को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया।
प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही हैं। सड़क की मरम्मत और सुरक्षा संबंधी कार्य शुरू किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित होने के बाद ही यातायात दोबारा शुरू किया जाएगा।
इस बीच, प्रशासन ने मसूरी जाने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे फिलहाल वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करें। साथ ही मौसम विभाग की चेतावनियों और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की भी सलाह दी गई है।
लगातार बारिश के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में भूस्खलन और सड़क क्षति की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।