- सड़कों, पुलों और संवेदनशील मार्गों पर लगातार निगरानी के साथ त्वरित कार्रवाई के निर्देश
देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों को देखते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। विभागाध्यक्ष राजेश चंद्र शर्मा ने प्रदेश के सभी PWD डिवीजनों और अभियंताओं को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं।
विभागाध्यक्ष ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सड़कों, पुलों, कलवर्टों और अन्य महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों की स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा है। विशेष रूप से भूस्खलन, भू-धंसाव और अतिवृष्टि से प्रभावित होने वाले संवेदनशील मार्गों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि बारिश के कारण यदि कहीं सड़क मार्ग बाधित होता है तो विभागीय अधिकारी एवं फील्ड कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लें और यातायात सुचारु कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। किसी भी आपात स्थिति में जेसीबी, मशीनरी और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता बनाए रखने को भी कहा गया है।
राजेश चंद्र शर्मा ने सभी अभियंताओं को स्थानीय प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन तंत्र के साथ समन्वय बनाए रखने तथा मार्गों की स्थिति से संबंधित सूचनाएं उच्चाधिकारियों को तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारी बारिश के दौरान जनसुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।