देहरादून (नेटवर्क 10 ब्यूरो)। उत्तराखंड में आज नए सीएम का ऐलान होगा। बीजेपी विधायक दल की बैठक शाम तीन बजे बीजेपी दफ्तर में होगी। इसमें केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर नरेंद्र सिंह तोमर हिस्सा लेंगे जो देहरादून पहुंच चुके हैं। तीरथ सिंह रावत ने कल रात यानि शुक्रवार को अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप दिया था।
केंद्रीय पर्यवेक्षक के अलावा कई बीजेपी विधायक भी देहरादून पहुंच चुके हैं। चारों तरफ यही कयास लगाए जा रहे हैं कि आखिर नया मुख्यमंत्री कौन होगा। हालांकि ये सबको पता है कि इस पर फैसला हो चुका है लेकिन नाम का ऐलान तीन बजे की बैठक में ही होगा। इधर तीरथ सिंह रावत बोले, इस्तीफा नहीं दिया होता तो इससे संवैधानिक संकट पैदा हो जाता। कुछ राज्यों में, कोविड के कारण उपचुनाव में देरी हुई। परिस्थितियों ने इस स्थिति को जन्म दिया है। आज की विधानसभा बैठक में नेता चुने जाएंगे।
उत्तराखंड को आज 11वां सीएम मिलेगा। मुख्यमंत्री पद के लिए राजनीतिक गलियारों में विधायकों के बीच से चार संभावित नाम चर्चा में हैं। इनमें त्रिवेंद्र और फिर तीरथ मंत्रिमंडल में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल, विधायक पुष्कर सिंह धामी और ऋतु खंडूड़ी भूषण के नाम मुख्य हैं। यह बात अलग है कि पिछले फैसले देखते हुए कोई ऐसा नाम भी सामने आ सकता है जिसका जिक्र दूर दूर तक नहीं हो रहा है।
