Uttarakhand: रामझूला पुल पर आवाजाही की गई बंद, भारी बारिश के चलते आई दरार

देहरादून: रामझूला पुल पर्यटकों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है। भारी बारिश की वजह से मुनिकीरेती क्षेत्र में राम झूला पुल की नींव के निकट एक दरार आ गई है।

भारी बारिश के चलते मुनिकीरेती क्षेत्र में रामझूला पुल के नीचे पुश्ते में दरार आ गई है। जिसके बाद सुरक्षा की दृस्टि से एसडीएम के निर्देश पर पुल पर आवाजाही रोक दी गई। रामझूला पुल के नीचे हो रहे भू कटाव के चलते पुल पर आवाजही रोकी गई है।

जानकारी के मुताबिक राम झूला पुल के टिहरी जनपद वाले छोर पर पुल का पुस्ता क्षतिग्रस्त होने लगा है। पुल के नीचे करीब 30 मीटर तक कटाव हो गया है। गंगा का जलस्तर अभी भी बढ़ा हुआ है, जिससे कटाव लगातार बढ़ रहा है। खतरे को देखते हुए प्रशासन ने पुल पर आवाजाही पर रोक लगा दी है। अग्रिम आदेशों तक राम झूला पुल पर लोगों की आवाजाही बंद कर दी गई।

पुल के नीचे हो रहे कटाव को देखते हुए लोक निर्माण विभाग की टीम मौके पर बुलाई गई है। राम झूला पुल पर आवाजाही बंद होने के बाद यहां आने वाले पर्यटकों को जानकी सेतु से आवाजाही कराई जा रही है।