पिथौरागढ़ का मेलडुंगरी गांव कीवी उत्पादन से बनाएगा अपनी पहचान

पिथौरागढ़ : सीमांत जिले का मेलडुंगरी गांव जल्द कीवी उत्पादन के क्षेत्र में पहचान बनाएगा। ग्रामीणों की पहल पर कृषि विभाग ने हिमाचल प्रदेश के उन्नत नस्ल के 2100 कीवी पौधे मंगाकर गांव में लगा दिए हैं। जिलाधिकारी ने गांव को कीवी उत्पादन में अग्रणी बनाने के लिए मदद का भरोसा ग्रामीणों को दिया है।

जिला मुख्यालय से 15 किमी. दूर मेलडुंगरी गांव की आबोहवा कीवी उत्पादन के लिए मुफीद है। गांव के कुछ प्रगतिशील काश्तकारों का कीवी उत्पादन का प्रयोग सफल रहा। इसके बाद ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने गांव में कीवी उत्पादन शुरू कराने की मांग रखी। जिलाधिकारी डा. विजय कुमार जोगदंडे ने किसानों की इस पहल का संज्ञान ले कृषि विभाग को उन्नत नस्ल के कीवी पौधे मंगाने के निर्देश दिए।