रामनगर में नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, पांच महिलाओं समेत आठ गिरफ्तार

  • 22 किलो से अधिक गांजा, स्मैक, नशीले इंजेक्शन और गोलियां बरामद
  • नशे की बिक्री से जुटाए गए 3.54 लाख रुपये से अधिक की नकदी भी मिली

रामनगर: नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ रामनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच महिलाओं समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 22 किलो से अधिक गांजा, स्मैक, नशीले इंजेक्शन और गोलियां बरामद की हैं। इसके अलावा नशे के कारोबार से जुटाई गई 3.54 लाख रुपये से अधिक की नकदी भी बरामद हुई है।

जानकारी के अनुसार, कोतवाल सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने रामनगर और आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी की। इस दौरान पीरुमदारा क्षेत्र के थारी गांव में कार्रवाई करते हुए पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक, पासो कौर के घर से दो किलो गांजा, जबकि सीमा कौर और प्रकाश कौर के कब्जे से 16.120 किलो गांजा बरामद किया गया। वहीं, मनप्रीत कौर से 12.25 ग्राम स्मैक और उसकी बिक्री से प्राप्त 3.35 लाख रुपये तथा राधा से 2.33 ग्राम स्मैक और 19,200 रुपये बरामद किए गए।

इसके अलावा मोहल्ला गुलरघट्टी निवासी कामेश त्यागी के कब्जे से चार किलो गांजा बरामद हुआ। रेलवे पड़ाव निवासी सागर से चार नशीले इंजेक्शन और सिरिंज, जबकि नागा बाबा मंदिर रोड निवासी इमरान के पास से नशीले इंजेक्शन की 10 ग्राम शीशियां और 22 नशीली गोलियां बरामद की गईं।

पुलिस ने सभी आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज किए हैं। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।