- प्रशासन का बुलडोजर चला
- सरकारी भूमि की सुरक्षा के लिए अभियान तेज
देहरादून: जनपद में सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के अभियान के तहत जिला प्रशासन ने विकासनगर तहसील के शीशमबाड़ा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी जमीन पर अवैध रूप से निर्मित मजार और अन्य अस्थायी ढांचों को ध्वस्त कर दिया। प्रशासन ने दोहराया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। राजस्व विभाग की जांच में संबंधित भूमि सरकारी अभिलेखों में दर्ज पाई गई थी, जबकि उस पर अवैध रूप से कब्जा कर मजार संचालित किया जा रहा था। आवश्यक नोटिस और कानूनी प्रक्रिया पूरी किए जाने के बाद राजस्व, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाया गया।
प्रशासन के अनुसार जनपद की विभिन्न तहसीलों में सरकारी भूमि पर हुए अतिक्रमणों का सर्वेक्षण कराया जा रहा है और चिन्हित स्थलों पर चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक उपयोग की भूमि और सरकारी संपत्तियों को अतिक्रमण मुक्त कर उनका संरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी भूमि जनता की संपत्ति है और उस पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार्य नहीं है। जनहित और कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। साथ ही अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और निगरानी के निर्देश दिए गए हैं ताकि नए अतिक्रमणों को रोका जा सके।
प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की सूचना उपलब्ध कराने की अपील की है, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।