उत्तराखंड में भारी बारिश की संभावना, मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए जारी किया येलो अलर्ट

उत्तराखंड: मौसम विभाग ने उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में आज और कल के लिए भारी बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।  मौसम विभाग ने बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब की यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं से सतर्क रहने की अपील की है।

इसके अलावा उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में 2 जून तक बारिश हो सकती है। हालांकि उत्तराखंड के निचले मैदानी इलाकों में मौसम सूखा रहने के ही आसार हैं। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि देहरादून जैसे क्षेत्रों में 2 जून तक मौसम शुष्क ही रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता की वजह मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है।