गुजरात: मोरबी में केबल पुल टूटने से नदी में गिरे सैकड़ों लोग, अब तक 32 की मौत

गुजरात: मोरबी में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां मच्छु नदी में बना केबल ब्रिज टूटने से कई लोग नदी में गिर गए। शाम के समय ये हादसा हुआ, जब लोग छठ मना रहे थे। स्थानीय सिविल अस्पताल अधिकारी ने बताया कि इस हादसे में कम से कम 32 लोगों की मौत हो चुकी है।

जिन लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है उनमें से अधिकतर लोग बच गए हैं और उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि पुल पर सैंकड़ों लोग मौजूद थे। लोगों का वजन इतना था कि केबल पुल अचानक टूट गया और लोग सीधे नदी में गिर गए।

प्रधानमंत्री मोदी ने हर संभव मदद देने को कहा-

मोरबी हादसे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल और अन्य अधिकारियों से बात की। उन्होंने बचाव अभियान के लिए टीमों को तत्काल जुटाने की मांग की। उन्होंने स्थिति की बारीकी और लगातार निगरानी करने और प्रभावित लोगों को हर संभव मदद देने को कहा है।