CM धामी का किफायती फैसला, अब सरकारी कार्यक्रम होटलों में नहीं, सीएम आवास में होंगे आयोजित

देहरादून: उत्तराखंड में किफायती कदम उठाते हुए सरकारी खर्चे को कम करने की दिशा में कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सराहनीय पहल की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अब कोई भी आगे सरकारी कार्यक्रम होटलों में आयोजित नहीं किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट करते हुए इसकी जानकारी दी। ‌सीएम धामी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि, सरकारी खर्चे को कम करने की दिशा में कदम उठाते हुए मैंने राजधानी में होटल या अन्य निजी स्थानों पर आयोजित होने वाले सरकारी कार्यक्रमों को मुख्य सेवक सदन में आयोजित किए जाने के लिए मुख्य सचिव को निर्देश जारी किया है। इसके साथ उन्होंने कहा कि सभी जनपदों में भी यही कार्यप्रणाली लागू होगी।

आपको बता दें कि अभी तक राजधानी देहरादून में होने वाले लगभग सभी सरकारी कार्यक्रम होटल या निजि स्थानों पर आयोजित होते थे, जिससे सरकार पर वित्तीय बोझ पड़ता था। गौरतलब है कि उत्तराखंड में 2021-22 तक राज्य सरकार पर 73,477.72 करोड़ रुपये का कर्ज था। विकास कार्यों के लिए ली जाने वाली रकम अब तक गैर विकास मदों पर खूब खर्च हुई।