- पाबौ मंडल में सड़क निर्माण, इंटरलॉकिंग टाइल्स
- विद्यालय के अतिरिक्त कक्ष और मंदिरों के स्थल विकास से जुड़े कार्य शामिल
- कुल लागत 16 करोड़ 18 लाख 10 हजार रुपये
- महिला मंगल दलों को सांस्कृतिक सामग्री भी वितरित की
पौड़ी गढ़वाल: कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने अपने तीन दिवसीय क्षेत्र भ्रमण के अंतिम दिन पाबौ मंडल के सैंजी, बुरांसी, जगतेश्वर और नौठा क्षेत्र में 16 करोड़ 18 लाख 10 हजार रुपये की विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इन योजनाओं में सड़क निर्माण, विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष और धार्मिक स्थलों के विकास से जुड़े कार्य शामिल हैं। मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना और लोगों को बेहतर आवागमन एवं शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
सड़क संपर्क मजबूत करने पर जोर
डॉ. धन सिंह रावत ने नौठा-बुरांसी-कुल्याणी मोटर मार्ग के निर्माण कार्य का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। करीब सात किलोमीटर लंबे इस मोटर मार्ग के निर्माण पर 9 करोड़ 36 लाख 96 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा सैंजी-कुरगड़खाल से ग्वालखड़ा मोटर मार्ग के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया। इस सड़क पर 96 लाख 13 हजार रुपये की लागत आएगी।
मंत्री ने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और स्थानीय गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। क्षेत्र में सैंजी-चौलूसैंण, राजकीय इंटर कॉलेज तथा चपलौड़ी-फलदाड़ी सड़क से संबंधित इंटरलॉकिंग टाइल्स और सड़क सुधारीकरण के कार्य भी शामिल हैं।
राजकीय इंटर कॉलेज जगतेश्वर में अतिरिक्त कक्ष का शिलान्यास
राजकीय इंटर कॉलेज जगतेश्वर में 23 लाख 80 हजार रुपये की लागत से बनने वाले अतिरिक्त कक्ष का शिलान्यास किया गया। मंत्री ने कहा कि विद्यालयों में आवश्यक सुविधाओं का विस्तार होने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
इस दौरान बुरांसी मुख्य मार्ग से राजकीय इंटर कॉलेज जगतेश्वर तक 8 लाख 21 हजार रुपये की लागत से निर्मित इंटरलॉकिंग टाइल्स कार्य का लोकार्पण भी किया गया। विद्यालय पहुंचने पर छात्र-छात्राओं ने मंत्री का स्वागत किया और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
पौराणिक मंदिरों के विकास कार्य शुरू
क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए बुरांसी गांव स्थित पातुल्या पौराणिक मंदिर के स्थल विकास कार्य का शिलान्यास किया गया। इसके साथ ही 3 लाख रुपये की लागत से प्राचीन बिंदेश्वर मंदिर के स्थल विकास कार्य की शुरुआत की गई।
मंत्री ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का संरक्षण स्थानीय विरासत को सहेजने के लिए महत्वपूर्ण है। इनके विकास से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन की संभावनाओं को भी बढ़ावा मिल सकता है।
महिला मंगल दलों को वितरित की सामग्री
क्षेत्र भ्रमण के दौरान फलद्वाड़ी, सैंजी, बुरांसी, बड़ैथ और पैलार के महिला मंगल दलों को सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए सामग्री वितरित की गई। मंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में महिला मंगल दलों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख पाबौ लता रावत, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रजनी रावत, विमल सिंह नेगी, विनोद नेगी, नरेंद्र भंडारी और गुलाब सिंह बिष्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।