देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में साइबर ठगों की भी राजधानी बनती जा रही है। लगातार सायबर ठगी और जालसाजी के मामले आ रहे हैं। सबसे बड़ी हैरानी तो तब हुई जब ठगों ने उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार की ही फेक फेसबुक आईडी बनाकर ही ठगी की कोशिस कर दी। इस घटना के कुछ घंटे ही बीते थे कि एक और ठगी का मामला सामने आ गया। अबकी बार छिद्दरवाला निवासी एक व्यक्ति को शातिर ठग ने कुत्ता बेचने के नाम पर करीब दो लाख रुपये का चूना लगा दिया। साइबेरियन हस्की प्रजाति को खरीदने की चाह में पीड़ित मोटी रकम गंवा बैठा। शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन को छिद्दरवाला निवासी शिवनारायण राणा ने शिकायत दर्ज कराई। बताया कि बीते चार जून को उन्होंने इंटरनेट पर एक साइबेरियन हस्की का विज्ञापन देखा। उन्होंने विज्ञापन पर दिए गए फोन नंबर पर काल किया। अज्ञात ने उन्हें पांच हजार रुपये एडवांस भेजने को कहा। जिस पर उन्होंने गूगल-पे के जरिये पांच हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद उन्हें डिलीवरी के लिए एक अन्य नंबर से काल आया। जिस पर अज्ञात आदमी ने उन्हें कुत्ता पहुंचाने का भरोसा देकर एक लाख, 95 हजार 600 रुपये ठग लिए। इसके बाद न तो उन्हें कुत्ता मिला और न ही रकम वापस मिली।
