मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लॉन्च किया उन्नति और अपणि सरकार पोर्टल, देखिए क्या होगा इस पोर्टल पर

देहरादून (नेटवर्क 10 संवाददाता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को उन्नति और अपणि सरकार पोर्टल को लांच किया। इस पोर्टल से सरकारी योजनाएं ठंडे बस्ते में नहीं पड़ी रहेंगी, बल्कि मुख्यमंत्री से लेकर मुख्य सचिव तक ऐसी योजनाओं पर हरपल नजर रख पाएंगे।

सरकारी योजनाओं की निगरानी के लिए इंफार्मेशन डेवलपमेंट एजेंसी (आइटीडीए) ने उन्नति पोर्टल तैयार किया है। बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सर्वे चौक स्थित आइआरडीटी सभागार में इस पोर्टल को लांच किया। इसके अलावा कार्यक्रम में अपणि सरकार पोर्टल को भी लांच किया गगा। आजादी के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में अभी 75 सेवाओं को ही इससे जोड़ा जा रहा है।

आइटीडीए के निदेशक डा. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि उन्नति पोर्टल में विभिन्न विभागों के अध्यक्ष अपनी परियोजनाओं को दर्ज करेंगे। जिन परियोजनाओं में विभिन्न विभाग जुड़े हैं, उनकी जानकारी भी पोर्टल पर दर्ज की जाएगी।

अगर किसी विभाग विशेष के चलते परियोजना में विलंब हो रहा है तो कार्यदायी संस्था उसके बारे में भी पोर्टल में जानकारी दर्ज कर सकती है। पोर्टल सीधे तौर पर मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव की निगरानी में रहेगा। पोर्टल पर सभी विभागों के सचिव, सभी जिलाधिकारी, विभागों के अध्यक्ष व क्षेत्रीय अधिकारी कार्यालय को भी कार्य का अधिकार मिलेगा।

दूसरी तरफ अपणि सरकार पोर्टल से पहले चरण में कुल 75 सेवाओं को जनता के लिए खोला जाएगा। अगले एक साल के भीतर इन सेवाओं की संख्या 190 पार हो जाएगी। अपणि सरकार पोर्टल के जरिए जनता यह देख पाएगी कि उनकी अर्जी किस पटल पर कितने दिन व घंटों से लंबित है। इसके अलावा वह विभिन्न प्रमाण पत्र पोर्टल के जरिये स्वत: ही डाउनलोड भी कर पाएंगे।