देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास, स्नेह, समर्पण और सुरक्षा के संकल्प का पावन पर्व है। यह पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं के साथ-साथ नारी सम्मान और सामाजिक सद्भाव की भावना को भी मजबूत करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन महिलाओं के प्रति आदर, सम्मान और सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करने वाला पर्व भी है। महिलाओं के सशक्तीकरण के प्रति राज्य सरकार के प्रयास निरंतर जारी हैं। महिलाओं को सशक्त किए बिना समृद्ध उत्तराखंड की कल्पना पूरी नहीं हो सकती।
उन्होंने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान और सशक्तीकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए अनेक महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। उत्तराखंड में महिलाओं को स्वरोजगार, उद्यमिता और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। प्रदेश की लाखों महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर 28 और 29 अगस्त को प्रदेश की महिलाओं के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा भी दी गई है। उन्होंने प्रदेशवासियों से महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तीकरण के लिए मिलकर कार्य करने तथा उनकी प्रगति के लिए आदर्श समाज के निर्माण में सहयोगी बनने का आह्वान किया।