जेपी नड्डा पहुंचे देहरादून, विधायकों और कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत

देहरादून: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा देहरादून पहुंच चुके हैं. देहरादून रिस्पना पुल से लेकर राजपुर रोड होते हुए बीजापुर गेस्ट हाउस तक उनका सड़कों पर भव्य स्वागत किया गया. इस दौरान सड़कों पर लोगों को जाम की परेशानी से भी जूझना पड़ा. नड्डा का मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने बीजापुर गेस्ट हाउस में स्वागत किया. इस मौके पर उनके साथ सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, अजय भट्ट, तीरथ सिंह रावत सहित भाजपा के कई शीर्ष नेता मौजूद रहे.

गौर हो कि बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा अपने चार दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड में आए हुए है. आज वह हरिद्वार से देहरादून पहुंचे हैं. इस दौरान देहरादून रिस्पना पुल से लेकर सर्वे चौक होते हुए राजपुर रोड और बीजापुर गेस्ट हाउस तक उनका भव्य स्वागत किया गया. इस दौरान धर्मपुर विधानसभा सीट, राजपुर विधानसभा सीट, मसूरी विधानसभा सीट और कैंट विधानसभा सीट के विधायकों ने उनका भव्य स्वागत किया.