बाबा बौखनाग धाम बना धार्मिक पर्यटन स्थल, सतपाल महाराज ने दिए निर्देश

देहरादून: प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने उत्तरकाशी स्थित बाबा बौखनाग की पवित्र तपोस्थली बौख टिब्बा (बौखनाग धाम) को पर्यटन क्षेत्र में शामिल करते हुए धार्मिक पर्यटन स्थल घोषित करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए सचिव पर्यटन को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।

18 जुलाई 2026 को बाबा बौखनाग धाम की डोली यात्रा के जनपद आगमन के अवसर पर श्री बाबा बौखनाग देव समिति के प्रतिनिधिमंडल ने पर्यटन मंत्री से मुलाकात कर सिलक्यारा सुरंग के ठीक ऊपर यमुना और गंगा घाटी के मध्य स्थित बौख टिब्बा (बौखनाग धाम) को पर्यटन स्थल घोषित करने की मांग की थी। मंत्री ने मांग का संज्ञान लेते हुए इसे स्वीकार कर लिया।

सतपाल महाराज ने कहा कि बाबा बौखनाग की तपोस्थली में प्रत्येक तीसरे वर्ष ‘सेम नाग राजा’ की परंपरा पर आधारित त्रिवार्षिक राजकीय मेले का भव्य एवं दिव्य आयोजन होता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि यह धाम यमुना और गंगा घाटी के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है तथा पर्यटन की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग और धार्मिक-पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए बौख टिब्बा (बौखनाग धाम) को धार्मिक पर्यटन स्थल घोषित किया गया है। इससे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और धाम का समग्र विकास सुनिश्चित हो सकेगा।