जंगल में घास काटने गई महिला को गुलदार ने बनाया शिकार, इलाके में 5वीं घटना से दहशत

पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जनपद में गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला बमठी गांव का है, जहां गुरुवार सुबह जंगल किनारे घास काटने गई एक बुजुर्ग महिला को गुलदार ने अपना शिकार बना लिया। क्षेत्र में लगातार हो रही यह पांचवीं घटना है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल गहरा गया है।

जानकारी के अनुसार बमठी गांव निवासी 65 वर्षीय सीता देवी घर के पास जंगल किनारे घास काटने गई थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उन पर हमला कर दिया और उन्हें घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया। काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटीं तो उनके पति सुरेंद्र दत्त रतूड़ी ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान खेत में उनकी चप्पल और दरांती मिली, जिसके बाद ग्रामीणों के साथ जंगल में खोज की गई। कुछ ही दूरी पर झाड़ियों के बीच महिला का अधखाया शव बरामद हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर वन विभाग, पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों का घेराव करते हुए गुलदार को आदमखोर घोषित कर उसे जल्द मारने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक गुलदार को नहीं मारा जाएगा, तब तक मृतका का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।

बताया जा रहा है कि पिछले डेढ़ महीने में यह क्षेत्र में पांचवीं ऐसी घटना है। इससे पहले बाड़ा गांव में भी गुलदार ने एक नेपाली मजदूर को अपना शिकार बनाया था। लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीण भयभीत हैं और शाम होते ही घरों में कैद होने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से जल्द ठोस कार्रवाई की मांग की है, ताकि क्षेत्र में फैले आतंक को खत्म किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *