बारात से लौट रहे ग्रामीणों की बोलेरो खाई में समाई, रुद्रप्रयाग में चार लोगों की मौत

  • कंडारा के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरा वाहन, छह लोग घायल
  • दुर्गम रास्ते पर चार किलोमीटर पैदल चलकर रेस्क्यू टीम ने निकाले घायल और मृतक
  • घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, चार की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर भेजा

देहरादून/रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में बारात से लौट रही एक बोलेरो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। घायलों में चार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।

हादसा सोमवार देर रात जनपद के अगस्त्यमुनि थाना क्षेत्रांतर्गत कंडारा के निकट हुआ। जानकारी के अनुसार, वाहन संख्या UK13 TA 0706 में कुल 10 लोग सवार थे। सभी कंडारा में आयोजित बारात में शामिल होने के बाद अपने गांव रांसी की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान बोलेरो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट रतूड़ा से उप निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह पवार के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर वाहन में सवार छह लोग घायल अवस्था में मिले, जबकि चार लोगों की मौत हो चुकी थी।

दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और घटनास्थल तक सड़क मार्ग उपलब्ध नहीं होने के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी मुश्किलें आईं। SDRF ने DDRF और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया। जवानों और स्थानीय लोगों ने करीब चार किलोमीटर पैदल दुर्गम रास्ता तय कर घायलों और मृतकों को मुख्य सड़क तक पहुंचाया।

करीब पांच से छह घंटे तक चले अभियान में सभी छह घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से चार घायलों को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया। वहीं, चारों मृतकों के शव खाई से बरामद कर आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिए गए।

हादसे में घायल

  1. उमेद सिंह राणा (52), पुत्र चंद्र सिंह राणा, निवासी ग्राम रांसी, ऊखीमठ।
  2. राजेंद्र सिंह (56), पुत्र चंद्र सिंह, निवासी ग्राम रांसी, ऊखीमठ।
  3. लविश राणा (25), पुत्र दिलीप सिंह राणा, निवासी ग्राम रांसी, ऊखीमठ।
  4. वंशिका (8), पुत्री आशीष रावत, निवासी ग्राम कांथा, ऊखीमठ।
  5. उर्मिला देवी (33), पत्नी भरत सिंह राणा, निवासी ग्राम चिलोंड, गुप्तकाशी।
  6. पूजा (34), पत्नी आशीष रावत, निवासी ग्राम कांथा, ऊखीमठ।

हादसे में मृतक

  1. कुंवर सिंह (60), पुत्र बचन सिंह, निवासी ग्राम रांसी, ऊखीमठ।
  2. मदन सिंह (40), पुत्र मोहन सिंह।
  3. सूरत सिंह (42), पुत्र भीम सिंह, निवासी ग्राम देड़ा, ऊखीमठ।
  4. बलवीर सिंह (70), पुत्र बिहारी सिंह, निवासी दादा गीड बस्ती, रांसी, ऊखीमठ।