- सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने डीएम एवं एसएसपी से मुलाकात में कड़ी कार्रवाई मांगी
देहरादून: विभिन्न सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने देहरादून के डीएम और एसएसपी से मुलाकात की और साम्प्रदायिक घृणा फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रतिनिधियों ने बताया कि देहरादून जिले में 6 या 7 लोग ऐसे हैं, जो लगातार घृणा फैला रहे हैं। उन पर कार्रवाई न होने पर सड़कों पर प्रदर्शन किया जाएगा।
डीएम आशीष चौहान ने कहा कि उन्हें पहली बार नियुक्ति मिली है। वे इस तरह के तत्वों के बारे में जानकारी लेंगे और पुलिस से कार्रवाई करने को कहेंगे। एसएसपी प्रमेन्द्र डोवाल ने कहा कि एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज है और बाकी लोगों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई होगी।
प्रतिनिधियों ने ज्ञापन सौंपा, जिसमें बैरागीवाला में विनोद कुमार के सभी हत्यारोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की गई। ज्ञापन में उक्त घटना के बाद पुलिस पर पथराव और नफरत भरे वक्तव्यों का जिक्र भी किया गया।
ज्ञापन में सुप्रीम कोर्ट के हेट स्पीच आदेश को भी याद दिलाया गया। प्रतिनिधि मंडल में उत्तराखंड महिला मंच के कमला पंत, निर्मला बिष्ट, विमला कोली, मंजू बलौदी, उत्तराखंड इंसानियत मंच के हरिओम पाली, त्रिलोचन भट्ट, भारत ज्ञान-विज्ञान समिति के कमलेश खंतवाल, चेतना आंदोलन के राजेन्द्र शाह, सीपीआई माले के इंद्रेश मैखुरी, सीपीएम के राजेन्द्र पुरोहित, कांग्रेस की सुजाता पॉल, पवन क्षेत्री, तलाफत हुसैन, मनीष और अलमाशुद्दीन सिद्दीकि आदि शामिल थे।