देहरादून में दिनदहाड़े ज्वैलरी शॉप में 10 करोड़ रुपये की लूट, देखिए video

देहरादून: राजपुर रोड स्थित रिलायंस के ज्वैलरी शोरूम में डकैती होने से हड़कंप मच गया। राष्ट्रपति के दौरे के चलते पुलिस सुरक्षा व्यवस्था में थी। सुबह शोरूम खुलने के साथ ही वारदात को अंजाम दिया गया। चोर पूरा शोरूम लूट ले गए।

बदमाश महज 10 मिनट के भीतर पूरा ज्वैलरी शोरूम साफ कर गए। घटना के बाद से पूरे शहर में हड़कंप मचा हुआ है। राष्ट्रपति के दौरे के चलते पुलिस सुरक्षा व्यवस्था में लगी थी और इस बीच शहर में बदमाशों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। घटना राजपुर रोड स्थित रिलायंस के ज्वेलरी शोरूम की है। यहां सुबह के वक्त कीमती आभूषणों को सजाने की तैयारी चल रही थी। तभी पांच लोग ग्राहक बनकर अंदर घुसे और गन प्वाइंट पर कर्मचारियों को बंधक बना लिया। बदमाशों ने कर्मचारियों को पेंट्री में बंद किया। सभी के हाथ प्लास्टिक की रस्सी से बांध दिए।

इसके बाद बदमाश लूटपाट करने लगे। बदमाश महज 10 मिनट में करोड़ों के हीरे और सोने के जेवरात लूट कर फरार हो गए। घटना क्योंकि सुबह की है, इसलिए पुलिस को भी काफी देर बाद इस बारे में पता चल सका। पुलिस ने अब नाकेबंदी करने दावा किया है। मगर दो घंटे में बदमाश अब तक राज्य की सीमा से भी बहुत दूर निकल गए होंगे।

शुरूवाती जांच में सामने आया कि घटना में संलिप्त पाए गए आरोपी बिहार के बताए जा रहे हैं। एसएसपी अजय सिंह ने घटना की जांच एसपी सिटी सरिता डोभाल को सौंप दी है। एसएसपी अजय सिंह खुद मामले की क्लोज मॉनिटरिंग में जुटे हुए हैं।

लूट का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस में आरोपियों की धरपकड़ तेज कर दी है। सीसीटीवी में साफ देखा जा सकता है कि लूट की वारदात को अंजाम देते हुए आरोपी बेखौफ नजर आ रहे हैं। इसके साथ ही आरोपी हुलिया से भी शातिर लग रहे हैं।