यहां तीन घंटे तक बीच नदी के ऊपर ट्रॉली में फंसी रही 4 महिलाएं

चमोली (नेटवर्क 10 संवाददाता)। खबर सुदूर चमोली जिले के देवाल विकासखंड से है। यहां पिंडल नदी पर बनाई गई हाइड्रोलिक ट्राली खराब होने से तीन घंटे तक चार महिलाएं ट्रॉली में फंसी रही। गांव वालो ने प्रशासन को सूचना दी लेकिन तीन घंटे तक कोई नहीं पहुंचा। आखिर गांव वालों ने खुद रस्सियों के सहारे रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और महिलाओं को ट्रॉली से निकाला।

बताया गया है कि महिलाएं लिंगड़ी गांव की हैं।  लिगडी गांव की कमला देवी, नीमा देवी, मधुली देवी, मुन्नी देवी ट्राली में बैठकर घास काटने जा रही थीं। जैसे ही ट्राली नदी के बीच पहुंची वो अचानक रुक गई। इससे महिलाएं घबरा गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों की काफी कोशिश के बावजूद ट्राली आगे नहीं बढ़ी। इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना लोनिवि थराली और प्रशासन को दी। ग्रामीण तीन घंटे तक इंतजार करते रहे, लेकिन कोई सरकारी नुमाइंदा मौके पर नहीं पहुंचा। इस बीच तीन घंटे तक चारों महिलाएं नदी के बीचोंबीच ट्राली में ही फंसी रही। हारकर ग्रामीणों ने खुद ही महिलाओं के रेस्क्यू का निर्णय लिया और रस्सियों के सहारे किसी तरह उन्हें बाहर निकाला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *