ऋषिकेश में जनआशीर्वाद रैली में उमड़ा जनसैलाब, सीएम धामी हुए गदगद

ऋषिकेश (नेटवर्क 10 संवाददाता)। Jan Ashirwad Rally ऋषिकेश में शनिवार को बीजेपी की जनआशीर्वाद रैली में जनसैलाब उमड़ा। इस जनसैलाब को देखकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गदगद थे। सीएम धामी ने जन आशीर्वाद रैली में मिशन-2022 के लिए अबकी बार 60 पार का नारा लगाते हुए लोगों से जीत का आशीर्वाद मांगा।

शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, क्षेत्रीय विधायक व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, नगर निगम महापौर अनिता ममगाईं व कार्यकर्त्ताओंके साथ ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में जन आशीर्वाद रैली निकाली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने 24 हजार युवाओं को रोजगार देने का संकल्प लिया है। जिसमें दो महीने के भीतर 12 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।

इस रैली में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास के एजेंडे पर कार्य कर रही है। 60 दिन में उनकी सरकार ने महत्वपूर्ण 150 फैसले लिए हैं। सभी घोषणाएं शीघ्र ही धरातल पर उतारी जाएंगी। उन्होंने कहा कि जिस स्तर की समस्याएं होंगी उसका उसी स्तर पर अधिकारी, कर्मचारी समाधान करें, इसके लिए जिम्मेदारी तय की गई है।

इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि युवा मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश भर में युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। रैली में उमड़ी भीड़ को देखते हुए मिशन-2022 में बीजेपी की जीत निश्चित है।

प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि भाजपा सरकार ने पूरी ईमानदारी, त्याग, समर्पण के साथ काम करने का संकल्प लिया है। प्रदेश व केंद्र में भाजपा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ सरकार चला रही है। महापौर अनीता ममगाईं ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने सोच समझकर युवा नेता धामी को मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी है। जनता का रुझान भाजपा के पक्ष में है, भाजपा जो वायदे करती है उसे पूरा करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *