इस बार धुमाकोट जा रही बस में पकड़े गए 18 बेटिकट यात्री

पौड़ी (नेटवर्क 10 संवाददाता)। उत्तराखंड में रोडवेज बसों में इन दिनों बेटिकट यात्रा करने वालों की भरमार सामने आ रही है। विभाग के आला अधिकारी कई बार निर्देश दे चुके हैं और चालक-परिचालकों को चेता चुके हैं कि अगर बसों में बेटिकट यात्री पकड़े गए तो खैर नहीं। लेकिन इस बाद भी ऐसी घटनाएं रुक नहीं रही हैं। इस तरह के भ्रष्टाचार से पहले ही लचर हो चुके रोडवेज विभाग को लाखों की चपत लग रही है। पहले ही रोडवेज विभाग करोड़ों के घाटे में चल रहा है।

ताजा मामले में बुधवार को चेकिंग टीम ने कोटद्वार डिपो की बस को पकड़ा तो उसमें 18 यात्री बेटिकट मिले। चेकिंग टीम ने अपनी रिपोर्ट निगम मुख्यालय और मंडल प्रबंधक को भेज दी है। प्रारंभिक रिपोर्ट पर आरोपित चालक-परिचालक को ऑफरूट कर दिया गया है।

पिछले तीन दिन में यह चौथा मामला है, जब बस बेटिकट पकड़ी गई। जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह कोटद्वार डिपो की साधारण बस (यूके07पीए-2890) रोजाना की तरह धूमाकोट के लिए निकली। सूचना थी कि इस मार्ग पर बस बेटिकट दौड़ रही है। निगम मुख्यालय के आदेश पर मार्ग पर भेजी गई चेकिंग टीम ने बस को चेक किया तो उसमें 18 यात्री बेटिकट मिले। यात्रियों ने बताया कि परिचालक ने मशीन में खराबी आने की बात कहकर टिकट नहीं दिया और किराया पूरा लिया हुआ था। चेकिंग टीम के अनुसार बस पर नियमित चालक मदन सिंह व संविदा परिचालक प्रवीण बिष्ट तैनात थे। मंडल प्रबंधक संजय गुप्ता ने बताया कि चेकिंग टीम की विस्तृत रिपोर्ट मिलने पर ही आरोपित चालक और परिचालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *