जाल बिछाया गुलदार के लिए फंस गया मगरमच्छ

उत्तराखंड के उधम सिंह नगर के नानकमत्ता क्षेत्र में वन विभाग ने गुलदार को पकड़ने के लिए लगाए गए पिंजरे में गुलदार तो नहीं फंसा अलबत्ता एक विशालकाय मगरमच्छ कैद हो गया। पिंजरे में फंसे मगरमच्छ को देखने के लिए ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा, सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को पिंजरे से निकालकर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा।

26 सितम्बर को बिडौरा निवासी चार वर्षीय लवजीत सिंह को गुलदार उठा ले गया था। बाद में किशोर का शव जंगल में बरामद किया गया। घटना के उपरांत ग्रामीणों में आक्रोश के साथ ही समूचे क्षेत्र में दहशत व्याप्त हो गई, ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने की मांग की थी। जिसके बाद वन विभाग ने ग्राम बिडौरा में गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाये है। वन विभाग द्वारा लगाये गये पिंजरों में अभी तक गुलदार तो नहीं फंसा, बीती रात खकरा नदी से निकलकर एक विशालकाय मगरमच्छ पिंजरे में कैद गया।

मगरमच्छ को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ लग गई, सूचना पर वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची, मगरमच्छ को सुरक्षित पिंजरे से बाहर निकाल कर नदी में छोड़ दिया। वन विभाग के अधिकारी ने बताया कि गुलदार को पकड़ने के लिए सर्च अभियान जारी है।