कुख्यात गैंगस्टर विकास दुबे मध्यप्रदेश के उज्जैन से दबोचा गया, महाकाल के दर्शन करने पहुंचा था

उज्जैन

उत्तर प्रदेश के कानपुर में आठ पुलिसकर्मियों की घेरकर हत्या करने के आरोपी कुख्यात गैंगस्टर विकास दुबे को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी उज्जैन से हुई है। बताया गया है कि विकास दुबे उज्जैन के महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए गया था, तभी वहां के गार्ड ने उसे पहचान लिया। इसके बाद पुलिस एक्शन में आई और आखिर उसे धर दबोचा।

बताया गया है कि कानपुर के चौबेपुर में घटना को अंजाम देकर विकास पहले दिल्ली-एनसीआर पहुंचा था। यहां उसकी तलाश में पुलिस की दबिश दे रही थी तो वो इसी बीच वहां से मध्यप्रदेश के लिए निकल पड़ा और आखिर उज्जैन में दबोच लिया गया।

विकास दुबे को मंगलवार को दिल्ली से सटे हरियाणा के फरीदाबाद में एक होटल में देखा गया था। जब तक पुलिस वहां छापा मारने पहुंची वो वहां से निकल चुका था। कुख्यात अपराधी को पकड़ने में लगी स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने कंफर्म किया कि फरीदाबाद में जो शख्स सीसीटीवी में दिख रहा है वो विकास दुबे था. इसके बाद गुरुग्राम में भी हाइअलर्ट जारी कर दिया गया।

बताया गया है कि उज्जैन में गुरुवार को सुबह 8 बजे महाकाल मंदिर परिसर पहुंचा, वहां प्रसाद की एक दुकान पर एक दुकानदार को शक हुआ। उसने मंदिर सिक्योरिटी को बताया। जब पूजा करके वो बाहर निकला तो सिक्योरिटी वाले उसे लेकर आये। आईडी दिखाने को कहा जो किसी और के नाम से बनी थी। जब सिक्योरिटी ने ज्यादा पूछा तो वो मारपीट करने लगे. थाने लेकर आये तो उसने कबूल कर लिया।

इधर गुरुवार की सुबह पुलिस ने दो एनकाउंटरों में विकास दुबे के दो साथियों को ढेर कर दिया। एक एनकाउंटर कानपुर में हुआ और दूसरा इटावा में। कानपुर पुलिस ने बताया है कि इस एनकाउंटर में दूबे के सहयोगी प्रभात मिश्रा की मौत हुई है, उसे अभी बुधवार को ही फरीदाबाद में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर कानपुर ला रही थी, जिस दौरान उसने पुलिस पर हमला करके भागने की कोशिश कर रहा था, जिस दौरान मुठभेड़ में उसको पैर में गोली लगी थी।

इटावा में भी विकास दूबे का साथी मारा गया है। इस पर 5,000 का इनाम था। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी आकाश तोमर ने बताया, ‘तड़के सुबह 3 बजे के आसपास एक स्विफ्ट डिज़ायर को स्कॉर्पियो में बैठे चार हथियारबंद लोगों ने लूटा था। भागने की कोशिश में लगभग एक घंटे बाद पुलिस ने उन्हें रोक लिया। उसने भागने की कोशिश की तो दोनों साइड से फायरिंग हुई। एक अज्ञात शख्स को कई गोलियां लगीं थीं। उसे अस्पताल लाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।’ बाद में उसकी पहचान विकास दुबे के साथी रणबीर के तौर पर की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *