बॉलीवुड में आंसुओं का सैलाब, चले गए प्रतिभा के दो पावरहाउस, अपने अपने शब्दों में दी श्रद्धांजिल

मुंबई (स्पेशल डेस्क नेटवर्क 10 टीवी)। बॉलीवुड जैसे आंसुओं के सागर में डूब रहा है। एक के बाद एक दो अभिनेताओं के रुखसत होने से पूरा बॉलीवुड गमगीन है। छोटे से लेकर बड़े से बड़े अभिनेता, संगीतकार, गीतकार, गायक, फिल्म निर्देशक सभी की आंखें आंसुओं से भरी हुई हैं। आखिर बॉलीवुड के इस परिवार के दो दिन में दो सितारे अस्त हो गए।  एक दिन पहले महान अभिनेता इरफान की कैंसर से मौत हो गई और दूसरे ही दिन हर दिल अजीज अभिनेता ऋषि कपूर भी चल बसे। वे भी कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे।

प्रधानमंत्री ने क्या लिखा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऋषि कपूर के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए लिखा, ‘बहुआयामी, प्यारे और जीवंत… ऐसे थे ऋषि कपूर जी। वे प्रतिभा का पावरहाउस थे। मैं उनके साथ हुई बातचीत को हमेशा याद करूंगा, सोशल मीडिया वाली भी। वे फिल्मों और भारत की प्रगति को लेकर भावुक थे। उनके निधन से दुखी हूं। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं। ओम शांति।’

राहुल गांधी ने इन शब्दों से दी श्रद्धांजलि

कांग्रेस के सांसद और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने शब्दों में दोनों अभिनेताओं इरफान खान और ऋषि कपूर को श्रद्धांजिल दी। उन्होंने लिखा कि ये वक्त भारतीय सिनेमा के लिए डरावना है। उन्होंने लिखा, ‘भारतीय सिनेमा के लिए ये एक भयानक सप्ताह है, जिसमें एक और महान अभिनेता ऋषि कपूर का निधन हो गया। एक अद्भुत अभिनेता, जिनके प्रशंसक अलग-अलग पीढ़ियों के हैं। वे बहुत याद किए जाएंगे।’

बिग ने क्या लिखा ट्वीट में 

ऋषि कपूर की मौत की खबर सबसे पहले बिग बी ने अपने ट्वीट के जरिए दी। महानायक अमिताभ बच्चन ने सुबह करीब 9:30 बजे कपूर के निधन के बारे में ट्विटर पर बताया था। उन्होंने लिखा था, ‘वे चले गए। ऋषि कपूर चले गए। अभी-अभी निधन हुआ। मैं टूट गया हूं।’

जब छलक उठीं लता की आंखें 

स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर ने अपने दुख को प्रकट करते हुए दो ट्वीट किए। पहले में उन्होंने लिखा, ‘क्या कहूं? क्या लिखूं कुछ समझ में नहीं आ रहा है। ऋषि जी के निधन से मुझे बहुत दुख हो रहा है। उनके जाने से फिल्म इंडस्ट्री की बहुत हानि हुई है। ये दुख सहना मेरे लिए बहुत मुश्किल है। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।’ वहीं अगले ट्वीट में उन्होंने छोटे से ऋषि कपूर को गोद में लिए तस्वीर शेयर की और लिखा, ‘कुछ समय पहले ऋषि जी ने मुझे उनकी और मेरी ये तस्वीर भेजी थी। वो सब दिन, सब बातें याद आ रही हैं। मैं शब्दहीन हो गई हूं।’

कमल हसन को तो विश्वास नहीं हुआ, इन शब्दों में व्यक्त किया दुख

प्रसिद्ध अभिनेता कमल हसन ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘इस पर विश्वास नहीं हो रहा। चिंटू जी (ऋषि कपूर) हमेशा मुस्कान के साथ तैयार रहते थे। हमारे बीच परस्पर प्यार और सम्मान था। मैं अपने दोस्त को याद करूंगा। उनके परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।’

अक्षय कुमार ने कहा- दिल दहल गया

अभिनेता अक्षय कुमार ने अपे ट्वीट में कहा कि उनका दिल दहल गया है ऐसी खबर सुनकर। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, ‘ऐसा लगता है जैसे कि हम एक बुरे सपने के बीच में हैं, अभी-अभी ऋषि कपूर के निधन की निराशाजनक खबर सुनी। ये दिल दहला देने वाली है। वे एक लीजेंड थे, एक महान सह-कलाकार और एक बहुत अच्छे पारिवारिक मित्र। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवार के साथ हैं।’

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *