देहरादून (नेटवर्क 10 ब्यूरो)। सीएम तीरथ सिंह रावत दिल्ली में हैं और कयास लगाए जा रहे हैं कि वे चुनाव को लेकर कौन सी रणनीति बनाकर लौटेंगे। सीएम तीरथ को दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा से मुलाकात करनी है।
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के केंद्रीय नेतृत्व के बुलावे पर बुधवार को दिल्ली पहुंचे हैं। इस दौरे को चुनाव की रणनीति से जोड़कर ही देखा जा रहा है। राज्य के दो मंत्रियों की दिल्ली में मौजूदगी को भी इससे जोड़ा जा रहा है। हालांकि, खुद मुख्यमंत्री ने कहा कि वह रामनगर चिंतन शिविर में पार्टी द्वारा तय की गई चुनावी रणनीति पर चर्चा के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात के लिए दिल्ली पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री बुधवार को दोपहर में दिल्ली पहुंच गए, लेकिन देर रात तक उनकी राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात नहीं हो पाई थी।
आज उनकी पार्टी अध्यक्ष से चर्चा हो सकती है। प्रदेश की राजनीति को मुख्यमंत्री के गंगोत्री सीट से उपचुनाव लड़ने की चर्चा है। इस बीच ये भी कयास लगाए जा रहे हैं कि देवस्थानम बोर्ड से पुरोहितों की नाराजगी के चलते ऐसा भी हो सकता है कि सीएम यहां से चुनाव न लड़ें।
