देहरादून: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता हरीश रावत ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और बीएसपी प्रमुख मायावती को भारत रत्न देने की मांग की है. रावत ने कहा कि सोनिया गांधी ने भारतीय महिला की गरिमा और सामाजिक समर्पण व जनसेवा के मापदंडों को एक नई ऊंचाई प्रदान की है.
हरीश रावत ने ट्विटर पर लिखा कि ‘आदरणीय सोनिया गांधी जी और सम्मानित बहन मायावती जी, दोनों प्रखर राजनैतिक व्यक्तित्व हैं. आप उनकी राजनीति से सहमत और असहमत हो सकते हैं, मगर इस तथ्य से आप इनकार नहीं कर सकते हैं कि सोनिया जी ने भारतीय महिला की गरिमा और सामाजिक समर्पण व जनसेवा के मापदंडों को एक नई ऊंचाई व गरिमा प्रदान की है.’
उन्होंने कहा कि ‘आज उन्हें भारत की नारीत्व का गौरवशाली स्वरूप माना जाता है. मायावती जी ने वर्षों से पीड़ित-शोषित लोगों के मन में एक अद्भुत विश्वास का संचार किया है, भारत सरकार को चाहिये कि इन दोनों व्यक्तित्वों को इस वर्ष का भारत रत्न देकर अलंकृत करें.’
