गौरवशाली पल: पौड़ी गढ़वाल के लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान बने देश के दूसरे CDS, मुख्यमंत्री धामी ने दी बधाई

नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) अनिल चौहान को नया चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ नियुक्त किया है। बिपिन रावत के बाद वह दूसरे सीडीएस होंगे। सेना में 40 वर्षों तक अपनी सेवाएं देने वाले अनिल चौहान पिछले साल ही सेवानिवृत हुए थे।

हेलीकॉप्टर दुर्घटना में सीडीएस जनरल बिपिन रावत की मृत्यु के लगभग 10 महीने बाद लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान (सेवानिवृत्त) को चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) के रूप में नियुक्त किया गया है।

सीडीएस के रूप में, लेफ्टिनेंट जनरल चौहान भारत सरकार के सचिव के रूप में कार्य करेंगे। सैन्य मामलों के विभाग, रक्षा मंत्रालय ने कहा। 18 मई 1961 को जन्मे लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान को 1981 में भारतीय सेना की 11 गोरखा राइफल्स में कमीशन दिया गया था।

लगभग 40 वर्षों से अधिक के करियर में, लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान ने कई कमांड, स्टाफ और सहायक नियुक्तियां की थीं और जम्मू कश्मीर और पूर्वोत्तर भारत में आतंकवाद विरोधी अभियानों में व्यापक अनुभव था। वह राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, खडकवासला और भारतीय सैन्य अकादमी, देहरादून के पूर्व छात्र हैं।

उत्तराखंड के सपूत को बधाई – CM धामी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान की नियुक्ति पर खुशी जाहिर करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने नियुक्ति की जानकारी सामने आने के बाद ट्वीट किया, ‘उत्तराखंड के सपूत लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान (से.नि.) जी को चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। हमें पूर्ण विश्वास है कि आपके कुशल नेतृत्व में भारतीय सेना सदैव की भांति राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित करेगी।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *