दोपहिया वाहनों पर मसूरी जा रहे लोगों को पुलिस ने लौटाया

देहरादून: वीकेंड पर मसूरी में पर्यटकों के दोपहिया वाहनों के प्रवेश प्रतिबंध के बावजूद शनिवार को काफी संख्या में पर्यटक सैर करने निकले, लेकिन पुलिस की सख्ती के चलते उन्हें बीच रास्ते से ही लौटना पड़ा। पुलिस ने कुठाल गेट और किमाड़ी से करीब साढ़े तीन सौ दोपहिया वाहन चालकों को वापस लौटा दिया। इसके अलावा बिना आरटीपीसीआर और होटल बुकिंग किए मसूरी जा रहे करीब चार सौ चार पहिया वाहन भी लौटाए गए। दरअसल, वीकेंड पर मसूरी, सहस्रधारा और गुच्चूपानी में पर्यटकों की भीड़ उमड़ रही है। इसके चलते कोविड संक्रमण की संभावना बनी हुई है।

इसे देखते हुए जिलाधिकारी ने वीकेंड में मसूरी में दोपहिया वाहनों पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्हीं चार पहिया वाहन चालकों को अनुमति है जिनके पास निगेटिव आरटीपीसीआर रिपोर्ट, होटल बुकिंग संबंधी दस्तावेज और स्मार्ट सिटी पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन है। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद पुलिस ने किमाड़ी और कुठालगेट पर बैरिकेट्स लगाए हैं। यहां से केवल स्थानीय दोपहिया वाहन चालकों को ही मसूरी की ओर जाने दिया जा रहा है। इसके अलावा मालदेवता की ओर जा रहे 95 चौपहिया और 190 दोपहिया व आशा रोड़ी से बिना आरटीपीसीआर निगेटिव रिपोर्ट, होटल बुकिंग और स्मार्ट सिटी पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन न होने पर 110 चार पहिया और 80 दो पहिया वाहन चालकों को लौटाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *