ओमिक्रोन खतरा:  दुबई से आए चार लोगों को रानीखेत में ढूंढ रहा प्रशासन 

दुबई से भारत आए चार स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन के पसीने छुटा दिए हैं। कोरोना के ओमिक्रोन स्वरूप के बढ़ते खतरे के बीच केंद्र के दिशानिर्देशों के तहत इन्हें स्थानीय स्तर पर भी कोरोना जांच करानी थी लेकिन इन्होंने जांच नहीं कराई। फिलहाल अब तक इनका सुराग नहीं लगा है।

दस दिसंबर को रानीखेत में दुबई से चार और इंग्लैंड से चार लोग लौटे थे। इंग्लैंड से पहुंचे चारों लोगों की दोबारा जांच की गई। ये सभी निगेटिव पाए गए हैं। वहीं, दुबई से लौटे लोगों की तलाश में स्वास्थ्य विभाग ने पुलिस की मदद मांगी है। बताया जा रहा है कि ये सभी लोग राजपुरा निवासी हैं। इन्हें दोबारा जांच के लिए राजकीय अस्पताल में संपर्क करना चाहिए था, लेकिन इन्होंने संपर्क नहीं किया।

स्वास्थ्य विभाग इनका सुराग नहीं लगा पाया है। राजकीय अस्पताल के अधीक्षक डॉ. केके पांडेय ने बताया कि इंग्लैंड से आए चार नागरिकों की जांच कराई गई। ये चारों निगेटिव पाए गए हैं। दुबई से पहुंचे चार अन्य लोगों का भी सुराग लग जाएगा। उन्होंने कहा कि इंग्लैंड से आए चारों नागरिकों का पूरी तरह टीकाकरण हो चुका है। इन्हें 14 दिन के लिए आइसोलेट किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *