देहरादून: उत्तराखंड के युवाओं को उद्योग-प्रासंगिक कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने, उनकी रोजगार क्षमता बढ़ाने और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग, उत्तराखंड तथा M3M Foundation के बीच मंगलवार को देहरादून में महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। समझौते पर कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग की ओर से निदेशक (प्रशिक्षण) श्री संजय कुमार तथा M3M Foundation की ओर से Managing Trustee एवं President डॉ. ऐश्वर्य महाजन ने हस्ताक्षर किए।
इस अवसर पर उप निदेशक सेवायोजन चंद्रकांता, उप निदेशक (प्रशिक्षण) निरंजन खुगशाल, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान निरंजनपुर, देहरादून के प्रधानाचार्य श्रेणी-1 दिनकर रौतेला, Nodal Officer, UKSDM विनीता बडोनी तथा M3M प्रतिनिधि अरविंद कुमार शर्मा सहित विभाग और प्रशिक्षण संस्थानों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।
MoU का उद्देश्य उत्तराखंड में एक सहयोगात्मक कौशल विकास ढांचा तैयार करना है, जिसके तहत युवाओं को उद्योग की वर्तमान और उभरती जरूरतों के अनुरूप तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण की गुणवत्ता, रोजगार क्षमता में वृद्धि, उद्योगों से संपर्क, प्लेसमेंट के अवसर तथा टिकाऊ आजीविका के परिणामों पर विशेष जोर दिया जाएगा। युवाओं को स्थानीय रोजगार की मांग से जोड़ने के साथ रोजगार और स्वरोजगार के लिए तैयार किया जाएगा।
समझौते के प्रारंभिक चरण में देहरादून, हल्द्वानी, काशीपुर और पिथौरागढ़ में प्रशिक्षण केंद्रों के संचालन को प्राथमिकता दी गई है। परियोजना की आवश्यकता, भौगोलिक परिस्थितियों और संभावित लाभार्थियों की उपलब्धता के आधार पर अल्मोड़ा और बड़कोट को अतिरिक्त प्रशिक्षण स्थलों के रूप में शामिल किया जा सकता है।
प्रशिक्षण केंद्रों पर स्थानीय परिस्थितियों, उद्योग की मांग और रोजगार की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए कम से कम दो पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। प्रस्तावित पाठ्यक्रमों में Junior Technician – Electric Vehicle, Junior Technician – Auto Electrical Maintenance, Junior Technician – Automobile Repair Maintenance, Junior Technician – Internet of Things (IoT) और Junior Technician – Plumbing शामिल हैं।
इस साझेदारी के माध्यम से युवाओं को बदलती औद्योगिक और तकनीकी जरूरतों के अनुरूप कौशल प्रदान करने के साथ उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा। उद्योगों के साथ संपर्क और प्लेसमेंट सपोर्ट को मजबूत करने के साथ प्रशिक्षण की गुणवत्ता तथा प्रशिक्षण के बाद मिलने वाले परिणामों की भी निगरानी की जाएगी।
इस अवसर पर M3M Foundation की Chairperson एवं Trustee डॉ. पायल कनोडिया ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रदान करना और उन्हें रोजगार एवं आजीविका के अवसरों से जोड़ना इस साझेदारी का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि यह सहयोग राज्य में कौशल विकास को अधिक उद्योग-केंद्रित, रोजगारपरक और परिणाम-उन्मुख बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
यह साझेदारी कौशल विकास के क्षेत्र में विभागीय प्रयासों और सामाजिक क्षेत्र की भागीदारी को एक मंच पर लाते हुए उत्तराखंड के युवाओं के लिए प्रशिक्षण, रोजगार और आजीविका के अवसरों को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में कार्य करेगी।