बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष को गार्ड ऑफ ऑनर का मामला गरमाया

बागेश्वर (नेटवर्क 10 संवाददाता)। बागेश्वर में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक को गार्ड ऑफ ऑनर देने का मामला गरमा गया है। पहले मुख्यमंत्री के बयानों पर हंगामा बरपा था और अब बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष को लेकर नया विवाद छिड़ गया है। दरअसल बागेश्वर पहुंचने पर मदन कौशिक को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया था। मदन कौशिक ने भी इसे स्वीकार कर लिया। इसके बाद कांग्रेस ने मामले को तूल दे दिया है।
कांग्रेस ने इसे सत्ता का दुरुपयोग बताते हुए कानून के साथ मजाक बताया है। कांग्रेसियों ने कहा कि सरकार के इशारे पर पुलिस ने मदन कौशिक को ये सम्मान दिया है। दूसरी तरफ एसपी ने पूरे मामले में जांच बैठा दी है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक सोमवार सुबह करीब 11 बजे हेलीकॉप्टर से बागेश्वर डिग्री कॉलेज में बने अस्थायी हेलीपैड पहुंचे। जहां पुलिस की टुकड़ी ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। यह सूचना जैसे ही कांग्रेसियों और अन्य विपक्षी दलों को लगी विवाद शुरू हो गया। कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर कौशिक के गार्ड आफ ऑनर लेते फोटो वायरल होने लगे। कई फोटो तो भाजपाइयों ने खुद ही वायरल किए। हालांकि बाद में भाजपा कार्यकर्ताओं को जैसे ही नियमों को पता चला तो तेजी से सोशल मीडिया से पोस्ट हटने भी लगे। कांग्रेस ने इसे प्रोटोकॉल का उल्लंघन बताते हुए कहा कि भाजपा नेता लगातार कानून का मखौल उड़ा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *