सीएम पुष्कर सिंह धामी पहुंचे पैतृक गांव हड़खोला, कुल देवता के मंदिर में की पूजा-अर्चना

पिथौरागढ़: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को पिथौरागढ़ से सड़क मार्ग से अपने पैतृक गांव विकास खंड डीडीहाट के हड़खोला पंहुचे। गांव पंहुचने पर मुख्यमंत्री का ग्रामीणों एवं क्षेत्र वासियों ने ढ़ोल नगाड़े से भव्य स्वागत किया गया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने अपने कुल देवता के मंदिर में सपरिवार पूजा अर्चना भी की। मंदिर परिसर में ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के आगमन पर झोड़ा और चांचरी गायन भी किया। ग्रामीणों ने हड़खोला तक सड़क पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार भी जताया।

मुख्यमंत्री ने कहा की उत्तराखण्ड को एक आदर्श मॉडल राज्य के रूप में स्थापित करने के लिए राज्य सरकार प्रयासरत है। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र सरकार से राज्य को पूरा सहयोग मिल रहा है। उत्तराखण्ड में सड़क मार्गो का विकास किया जा रहा है, वहीं पहाड़ में रेल का सपना भी साकार हो रहा है। उन्होंने कहा केन्द्र सरकार ने उत्तराखण्ड के लिए ऑलवेदर रोड, भारत माला प्रोजेक्ट, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन की योजनाओं की सौगात दी है। उससे आने वाले समय में उत्तराखण्ड का आवागमन और अधिक सुगम होगा। उन्होंने कहा सरकार जनता के साझीदार के रूप में कार्य कर रही है। लोक पर्वों को बढ़ावा देने के लिए लोकपर्व इगास पर छुट्टी करने का निर्णय लिया है।

पेयजल मंत्री विशन सिंह चुफाल ने अपने संबोधन में कहा कि डीडीहाट क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, जिले को जोड़ने वाली सभी सड़क मार्गों की स्थिति बेहतर होने से यहां तक पंहुचने हेतु पर्यटकों को अब आसानी हो रही है। पहले टनकपुर से डीडीहाट तक पंहुचने में अत्यधिक समय लगता था, अब ऑल वैदर रोड के निर्माण से यह समय काफी कम हो गया है। महिलाओं के लिए शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर 5 लाख तक का ऋण प्रदान किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *