खुद झाड़ू उठाया सीएम धामी ने, ‘स्वेच्छा से स्वच्छता’ अभियान को दिया मजबूत संदेश

  • बल्लूपुर चौक पर खुद झाड़ू उठाकर लोगों को किया प्रेरित, 7–13 अप्रैल तक चला विशेष स्वच्छता अभियान

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को बल्लूपुर चौक में नगर निगम देहरादून द्वारा आयोजित “स्वेच्छा से स्वच्छता” कार्यक्रम में भाग लेकर प्रदेशवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने स्वयं सफाई अभियान में हिस्सा लेते हुए आमजन को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
नगर निगम देहरादून द्वारा 7 अप्रैल से 13 अप्रैल 2026 तक चलाए गए इस विशेष अभियान का उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाना रहा। अभियान के तहत विभिन्न वार्डों में सफाई, कूड़ा निस्तारण और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा होनी चाहिए और जब तक हर नागरिक स्वयं इसमें योगदान नहीं देगा, तब तक स्थायी बदलाव संभव नहीं है। उन्होंने लोगों से अपने घर, मोहल्ले और शहर को साफ रखने की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने नगर निगम देहरादून के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि जनभागीदारी आधारित ऐसे अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अहम भूमिका निभाते हैं। साथ ही उन्होंने सुझाव दिया कि इस प्रकार के अभियान नियमित रूप से चलाए जाने चाहिए, ताकि स्वच्छता के प्रति जागरूकता बनी रहे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, खजान दास, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, मेयर सौरभ थपलियाल, विधायक सविता कपूर, महामंत्री संगठन अजेय कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *