भाजपा के मीडिया विभाग ने किया सरकार के कार्यों का रोड़ मैप तैयार

देहरादून। भाजपा के प्रदेश मीडिया विभाग की मंगलवार को प्रदेश कार्यालय में हुई बैठक में विभाग के कार्यों की समीक्षा की गई। इस मौके पर नए कार्यों का रोड मैप भी तैयार किया गया। भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने कहा कि वर्तमान में मीडिया विभाग के पास सबसे अहम जिम्मेदारी है। उन्होंने सोशल मीडिया स्वयंसेवकों का वर्गीकरण बूथ स्तर तक करने को कहा, ताकि समाज के हर वर्ग को इससे जोड़ा जा सके।

अजेय कुमार ने मीडिया विभाग के ग्रुपों में सेवानिवृत्त कर्मचारियों, युवाओं, महिलाओं अधिवक्ताओं, चिकित्सकों, शिक्षाविदों को भी जोड़ने पर बल दिया। उन्होंने सोशल मीडिया की बूथ से लेकर मंडल स्तर तक मानीटरिंग को भी कहा। उन्होंने प्रवक्ता और सह मीडिया प्रभारियों को जिलों में प्रवास कर जिला, मंडल स्तर पर हो रहे कार्यों की समीक्षा के निर्देश दिए। साथ ही सभी पदाधिकारियों को जिला मीडिया प्रभारियों से भी समन्वय बनाने को कहा।

एआरटीओ पद पर सात को पदोन्नति

शासन ने परिवहन कर अधिकारी के रूप में तैनात सात अधिकारियों की सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी पद पर पदोन्नति की है। इन सभी को दो वर्ष की परिवीक्षा अवधि में रखा गया है। मंगलवार को सचिव परिवहन शैलेश बगोली ने इन अधिकारियों की पदोन्नति सूची जारी की। इनमें हीरा सिंह बर्गली, ज्योति शंकर मिश्र, विपिन कुमार, निखिलेश कुमार ओझा, अशीत कुमार झा, पंकज श्रीवास्तव और रत्नाकर सिंह शामिल हैं। इनमें से हीरा सिंह बर्गली 2016 से ही सड़क सुरक्षा के सहायक निदेशक के पद पर तैनात रहे हैं और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी का वेतनमान ले रहे हैं।