रुद्रपुर में क्लेक्शन कंपनी के कर्मचारी से गन प्वाइंट पर पांच लाख की लूट

रुद्रपुर में पैसा कलेक्शन कर बैंक जा रहे कर्मचारी पर तमंचा तानकर पांच लाख रुपये लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना को अंजाम देने वाले सीसीटीवी में कैद हो गए हैं। पुलिस टीम उनको चिन्हित कर लोकेशन खंगलने में लग गयी है। रेडिएंट कैश मैनेजमेंट सर्विस देहरादून में कार्यरत सचिन शर्मा अपनी बाइक यूके 06 एएक्स 9925 से पैसा एकत्र करने का काम कर रहा था। जब वह दोपहर साढ़े बारह बजे रेलवे स्टेशन मार्ग से बैंक जाने के लिए निकला तो पीछे से काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार तीन युवकों ने उसकी बाइक के आगे अपनी बाइक लगा रोक लिया और उनमें से एक पगड़ी पहने युवक ने उस पर तमंचा तानकर उसका बेग छीन लिया। बैग में एकत्र किए गए पांच लाख पैंतीस हजार तीन सौ 53 रुपये की नकदी सहित 26 लाख 15 हजार 375 रुपये के ड्राफ्ट थे।

लूट की सूचना पर पुलिस हरकत में आ गयी। सीओ अमित कुमार, कोतवाल एनएन पंत फोर्स के साथ मौके पर पहुच गए। सचिन शर्मा से पूछताछ के साथ ही पुलिस की टीमें आस पास के सीसीटीवी खंगालने में लग गयी। सचिन द्वारा बताए हुलिए से मिलते तीन लोग सीसीटीवी में नजर आए तो पुलिस को घटना की सच्चाई पर भरोसा हुआ और उसके बाद पुलिस टीम सीसीटीवी के आधार पर उनकी लोकेशन खंगलने में जुट गई है।